लाइव सिटीज, सेंट्रल डेस्क : भारत के 17 वर्षीय युवा निशानेबाज सौरभ चौधरी ने जर्मनी के म्यूनिख में चल रहे आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में नए विश्व रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल जीता. आईएसएसएफ विश्व कप में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में सौरभ ने पहला स्थान हासिल करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया. सौरभ का सीजन में यह दूसरा वर्ल्ड कप गोल्ड मेडल है. तीन महीने पहले ही फरवरी में उन्होंने दिल्ली में भी स्वर्ण जीता था.
युवा निशानेबाज ने फाइनल में अपने ही विश्व रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 245 के स्कोर पीछे छोड़ दिया. सौरभ ने 246.3 का नया रिकॉर्ड स्कोर बनाकर पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता. इससे पहले रविवार को महिलाओं में अपूर्वी चंदेला ने भी भारत को स्वर्ण पदक दिलाया था. भारत का म्यूनिख विश्व कप में यह दूसरा स्वर्ण पदक है. दस मीटर एयर पिस्टल में रूस के आर्तम चेरसुनोव ने रजत और चीन के वेई पेंग ने कांस्य पदक जीता.
चौधरी ने फाइनल में पहले शॉट में 9.3 का स्कोर बनाया लेकिन इसके बाद लगातार पांच शॉट में 10.1 का स्कोर बनाया. पहले दौर के शॉटस के बाद वह चेरसुनोव से 0.6 अंक पीछे थे. दूसरे दौर के छह शॉट में हालांकि उन्होंने बढ़त हासिल कर ली. इसमें उन्होंने तीन शाट में 10 से कम अंक बनाये लेकिन दो शाट 10.7 के लगाये.
भारतीय निशानेबाज ने इसके बाद प्रत्येक एलिमिनेशन में बढ़त बनाये रखी. उन्होंने आखिर में 10.3 के दो शाट जमाए जबकि एक शॉट 10.7 का लगाया. चौधरी का अंतिम शॉट 10.6 का था जिससे वह खुद का रिकॉर्ड तोड़ने में सफल रहे. भारत के शहजार रिजवी भी इस स्पर्धा में भाग ले रहे थे. उन्होंने फाइनल में जगह बनायी लेकिन आखिर में 177.6 अंक लेकर पांचवें स्थान पर रहे.
The post ISSF वर्ल्ड कप: भारत के 17 वर्षीय युवा निशानेबाज सौरभ चौधरी ने रचा इतिहास appeared first on Live Cities.