लाइव सिटीज, सेंट्रल डेस्क : खगड़िया ने रणधीर वर्मा अंडर- 19 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया है. यहां खेले गए दो दिवसीय फाइनल मुकाबले में उसने गया को 208 रनों से पराजित किया. इस मैच के हीरो रहे कुंदन निषाद जिसने कुल 12 विकेट चटकाये. इस अवसर पर खिलाडियों को संबोधित करते हुए बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव रविशंकर प्रसाद सिंह ने कहा कि खूब मेहनत कीजिए, राज्य का नाम क्रिकेट में रौशन कीजिए, शार्ट कट से सफलता नहीं मिलती है, रविशंकर ने कहा कि किसी बिचौलियों के बातों में नहीं आना है, क्रिकेट पर ध्यान दीजिये, सफलता मिलेगी.
सचिव ने खिलाडियों से कहा की अगर कोई भी व्यक्ति आपको पैसा या पैरवी के बदौलत टीम में चयन करवाने जैसी बात करता है, तो आप बीसीए के हेल्पलाइन पर अपनी शिकायत प्रमाण सहित दीजिये. उस व्यक्ति पर उचित कारवाई होगी. खगड़िया ने अपनी पहली पारी में 196 रन बनाये थे. गया की टीम की पहली पारी 69 रनों पर सिमट गई थी. दूसरी पारी में खगड़िया ने सात विकेट पर 154 रन बनाये जबकि गया की दूसरी पारी में सभी बल्लेबाज 73 रनों पर पवेलियन लौट गए.
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में खगड़िया जिला क्रिकेट संघ के द्वारा शहर के संसारपुर स्टेडियम में खेले गए इस मैच के दूसरे दिन पहली पारी के आधार पर 124 बढ़त लेने वाली खगड़िया टीम ने अपनी दूसरी पारी में निर्धारित 30 ओवर में सात विकेट पर 154 रन बनाये. विश्वजीत कुमार ने 81 गेंदों मेन 59, वलविंदर ने 49 गेंदों में 45, अमित कुमार ने 14 गेंद में 20, कार्तिकेष ने नाबाद 8, सचिन ने नाबाद 8 रन बनाये.
गया की ओर शशि ने 30 रन देकर तीन, प्रवीण प्रकाश ने 30 रन देकर एक, अफजल खान ने 29 रन देकर एक विकेट चटकाये. खगड़िया की कुल बढ़त 281 रनों की हो गई. 282 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरे गया के बल्लेबाज दूसरी पारी में कुंदन निषाद की गेंदबाजी के आगे पस्त हो गए और पूरी टीम 73 रनों पर सिमट गई. शशि ने 13, विक्की रंजन ने 25 रन बनाये. खगड़िया की ओर से कुंदन निषाद ने 6 ओवर में 6 रन देकर पांच, कृष्णा कुमार ने 9 रन देकर दो, अमर कुमार ने 14 रन देकर एक और सचिन ने 18 रन देकर 1 विकेट चटकाये.
खिलाड़ियों को बिहार क्रिकेट संघ के सचिव रविशंकर प्रसाद सिंह ने पुरस्कृत किया. इस मौके पर बिहार क्रिकेट संघ के मीडिया कमेटी के संयोजक संतोष झा, टुर्नामेंट कमेटी के चेयरमैन राजेश कुमार सिंह, खगड़िया जिला क्रिकेट संघ के सचिव सदानंद सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे.
The post रणधीर वर्मा क्रिकेट : गया को 208 रनों से हरा खगड़िया बना U-19 का चैंपियन appeared first on Live Cities.