Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

नज़रअंदाज हो गया कार्तिक का अनुभव

बर्मिंघम
आईसीसी विश्वकप के लिये भारतीय टीम में दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज़ के तौर पर जब दिनेश कार्तिक का चयन हुआ था तो उस समय चयनकर्ता प्रमुख एमएसके प्रसाद ने साफतौर पर कहा था कि कार्तिक को दबाव में खेलने के उनके अनुभव के कारण ही युवा रिषभ पंत पर प्राथमिकता दी गयी है। विश्वकप में इंग्लैंड के खिलाफ रविवार को मुकाबले में जब अंतिम एकादश में रिषभ पंत को शामिल किया गया तो कार्तिक का दबाव में खेलने का सारा अनुभव सिरे से नज़रअंदाज़ हो गया। पंत को ओपनर शिखर धवन के चोटिल होकर विश्वकप से बाहर हो जाने के बाद भारतीय टीम में शामिल किया गया है। पंत विश्वकप टीम के साथ घोषित पांच वैकल्पिक खिलाड़यिों में शामिल थे। पंत की आईपीएल टीम दिल्ली कैपिटल्स के सलाहकार और पूर्व भारतीय कप्तान सौरभ गांगुली ने पंत को विश्वकप टीम में शामिल किये जाने की जोरदार वकालत की। पंत को विश्वकप टीम में जगह न मिलने के बाद काफी सवाल भी उठे थे। 

भारतीय कप्तान विराट कोहली और कोच रवि शास्त्री ने विश्वकप के लिये रवाना होने से पूर्व पंत को न चुने जाने पर कहा था कि कार्तिक को उनके अनुभव के कारण ही टीम में जगह दी गयी है। कार्तिक को भारत के पहले छह मैचों में एकादश में जगह नहीं मिल पायी। लेकिन सातवें मैच में पंत को कार्तिक पर तरजीह देते हुये एकादश में शामिल कर लिया गया। टीम इंडिया के आॅलराउंडर विजय शंकर को उनके पैर के अंगूठे में परेशानी के कारण इस मैच में नहीं उतारा गया और उनकी जगह पंत को दी गयी। पंत को शामिल किये जाने के पीछे एकमात्र यही कारण बताया जा रहा है कि वह बायें हाथ के बल्लेबाज़ हैं। लेकिन चयनकर्ता प्रमुख प्रसाद ने जो अनुभव की बात की थी वह सिरे से नज़रअंदाज़ हो गयी है। कार्तिक टीम में पहले से मौजूद थे और वह भी अच्छे बल्लेबाज़ माने जाते हैं और पिछले वर्ष एशिया कप के फाइनल में बंगलादेश के खिलाफ उन्होंने आखिरी गेंद पर छक्का मारकर भारत को खिताबी जीत दिलाई। लेकिन जब विश्वकप में खेलने की बारी आयी तो कार्तिक को एक बार फिर मायूस होना पड़ा। ऐसा लगता है कि भारतीय कप्तान विराट कोहली भी पंत की विस्फोटक बल्लेबाजी से काफी प्रभावित हैं। टॉस के समय उन्होंने पंत को विजय शंकर की जगह टीम में शामिल किये जाने की जानकारी देते हुये कहा कि हम सभी ने देखा है कि पंत बल्ले के साथ कितने खतरनाक हैं। वह निर्भय होकर खेलते हैं और एक बार जब वह अपनी लय में खेलने लगते हैं तो उन्हें रोकना मुश्किल हो जाता है।