खेल डेस्क। विराट कोहली की कप्तानी वाली भारतीय टीम को विश्व कप मैच में कमजोर अफगानिस्तान के खिलाफ जीत दर्ज करने में काफी पसीना बहाना पड़ा था। इस मुकाबले में भारतीय कप्तान विराट कोहली को ज्यादा अपील करना भी महंगा पड़ गया है। इसी कारण विश्वकप मुकाबले में आईसीसी की आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर उन पर मैच फीस का 25 फीसदी जुर्माना लगाया गया है।
विश्व कप से बाहर हुई दक्षिण अफ्रीका के नाम दर्ज हुआ ये शर्मनाक रिकॉर्ड
टीम इंडिया के कप्तान विराट पर आईसीसी की खिलाडिय़ों और सपोर्ट स्टाफ के लिए आईसीसी आचार संहिता के लेवल 1 और नियम 2.1 के उल्लंघन के लिए जुर्माना लगाया गया है।
इस मुकाबले में ज्यादा अपील करने का मामला उस समय घटित हुआ जब विरोधी टीम की पारी के 29वें ओवर में भारतीय कप्तान विराट कोहली पगबाधा के फैसले के लिए अपील करते हुए आक्रामक अंदाज में मैदानी अंपायर अलीम डार की तरफ बढ़े थे। इसी बात को लेकर आईसीसी ने टीम इंडिया के कप्तान पर ये जुर्माना लगाया है।
36 वर्षीय मलिंगा ने विश्व कप में बना डाला ये रिकॉर्ड, इन दिग्गज खिलाड़ियों को छोड़ा पीछे
मैच रेफरी क्रिस ब्रॉड के लगाए जुर्माने को विराट कोहली ने स्वीकार कर लिया है जिसके कारण इस मामले में औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी। इसके बाद विराट कोहली के अनुशासन रिकॉर्ड में एक नकारात्मक अंक जुड़ गया है।भारतीय टीम का अब विश्व कप में अगला मुकाबला 27 जून को दो बार की चैम्पियन वेस्टइंडीज से होगा।