Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

तीरंदाजों का स्वदेश लौटने पर भव्य स्वागत

नयी दिल्ली
हॉलैंड के डेन बॉश में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष रिकर्व तीरंदाजी टीम और कंपाउंड में दो कांस्य पदक जीतने वाली महिला तीरंदाजों का मंगलवार को स्वदेश लौटने पर भव्य स्वागत किया गया। भारतीय तीरंदाजी संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अर्जुन मुंडा और महासचिव वीरेंद्र सचदेवा ने खुद इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचकर देश का गौरव बढ़ाने वाले इन तीरंदाजों का स्वागत किया। भारत का विश्व चैंपियनशिप में यह अबतक सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। 11वीं सीड रिकर्व पुरुष टीम ने फाइनल में जगह बनायी और रजत पदक जीता। भारतीय टीम ने इस दौरान क्वार्टरफाइनल में जगह बनाने के साथ ही टोक्यो ओलंपिक के लिए कोटा भी हासिल कर लिया। महिला कंपाउंड टीम ने कांस्य पदक और वी ज्योति सुरेखा ने व्यक्तिगत वर्ग में कांस्य पदक जीता।

सचदेवा ने इस अवसर पर बताया कि कंपाउंड तीरंदाज अपनी ट्रेनिंग के लिए कल सोनीपत रवाना हो जाएंगे जबकि रिकर्व तीरंदाज राजधानी के यमुना स्पोटर्््स काम्पलेक्स में अपना अभ्यास करेंगे। रिकर्व तीरंदाजों को पहले पुणे में अभ्यास करना था लेकिन वहां बारिश होने के कारण वे दिल्ली में अभ्यास करेंगे। इस बीच विश्व चैंपियनशिप में भारतीय टीम के मैनेजर और तीरंदाजी संघ के सहायक सचिव गुंजन अबरोल ने बताया कि टीम 11 दिन के ब्रेक के बाद जर्मनी के बर्लिन में एक से सात जुलाई तक होने वाले विश्वकप चरण-4 में हिस्सा लेने रवाना होगी। टीम इसके बाद 11 से 17 जुलाई तक ओलंपिक टेस्ट इवेंट के लिए टोक्यो जाएगी। गुंजन ने बताया कि महिला टीम 22 से 28 नवबर तक बैंकॉक में एशियाई चैंपियनशिप में हिस्सा लेगी जहां वह ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने की कोशिश करेगी।