लंदन
वर्ल्ड कप में रविवार को टीम इंडिया अपना दूसरा मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलने उतरेगी। ऑस्ट्रेलिया को भी इस खिताब का प्रबल दावेदारों में गिना जा रहा है और गुरुवार को वेस्ट इंडीज के खिलाफ उसने यह बता दिया कि एक चैंपियन टीम आखिरकार कैसे मुश्किलों से उबरती है। कंगारू टीम वेस्ट इंडीज के खिलाफ एक वक्त पर 38 रन पर 4 विकेट गंवा चुकी थी और 79 रन तक पहुंचते-पहुंचते उसकी आधी टीम पविलियन में थी। इसके बावजूद कंगारू टीम ने 49वें ओवर में ऑल आउट होने से पहला अपना स्कोर 288 रन कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने 15 रन से जीत दर्ज की।
दो दशकों में बढ़ी है प्रतिद्वंद्विता
भारत और ऑस्ट्रेलिया के खेल की बात करें तो पिछले दो दशकों में दोनों टीमों के बीच प्रतिद्वंद्विता काफी बढ़ी है। अब भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच कोई भी मैच खेला जाता है तो दोनों टीमें पूरे जोश के साथ मैदान पर उतरती हैं। रविवार को होने वाले मैच में इसी तरह की प्रतिद्वंद्विता देखने को मिलेगी।
मौसम से भी परेशान हैं दोनों टीमें
कड़ी प्रतिस्पर्धा वाले मैच से पहले दोनों ही टीमों के खिलाड़ी मैच से पहले कड़ा अभ्यास करने का प्लान बना रहे होंगे। लेकिन इंग्लैंड के मौसम ने सभी के मंसूबों पर पानी फेर दिया। टीम इंडिया ने ओवल के मैदान पर शुक्रवार को सुबह 10 बजे अपना प्रैक्टिस सेशन प्लान किया था। लेकिन लंदन में बारिश ऐसी पड़ी कि उसने घंटों तक रुकने का नाम नहीं लिया। इस भीगे मौसम में खिलाड़ी होटल से बाहर ही नहीं निकल पाए।
रविवार को है मौसम खुलने के आसार
इस बीच राहत की बात यह है कि लंदन का वेदर रविवार को साफ रहेगा और दोनों टीमों के बीच मैच बारिश की बिना खलल के पूरा होगा। इससे पहले शनिवार को भी मौसम साफ रहेगा और दोनों टीमें मैच से पहले एक-दूसरे के खिलाफ अपने गेम प्लान को लेकर मैदान पर प्रैक्टिस कर सकेंगी।
आंकड़ों में आगे है ऑस्ट्रेलिया
दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए वनडे मैचों पर नजर डालें, तो अभी तक दोनों टीमों के बीच 136 वनडे मैच खेले गए हैं। इनमें 77 मैच जीतकर ऑस्ट्रेलिया भारत से कहीं आगे है। टीम इंडिया ने कंगारुओं के खिलाफ अभी तक 49 मैचों में ही जीत अपने नाम की है। भारतीय टीम रविवार को यहां कंगारुओं पर अपनी 50वीं जीत के लिए बेकरार होगी।
बराबरी की होगी टक्कर
हालांकि दोनों टीमों की इस वक्त जो ताकत है उसे देखकर माना जा रहा है कि इस मैच में पुराने आंकड़े खास मायने नहीं रखेंगे। दोनों टीमें टक्कर की हैं दोनों ही यहां खुद को श्रेष्ठ साबित करने के लिए एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देती दिखेंगी।