Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

आॅस्ट्रेलिया दावेदार, श्रीलंका को दिखाना होगा दम

लंदन
गत चैंपियन आॅस्ट्रेलिया अपने पिछले मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ मिली शानदार जीत की बदौलत शनिवार को श्रीलंका के खिलाफ होने वाले विश्वकप मैच में जीत के प्रबल दावेदार के रुप में उतरेगा। आॅस्ट्रेलिया ने टूर्नामेंट में अबतक बेहतरीन प्रदर्शन किया है और बल्ले तथा गेंद से उसके खिलाड़ी अपनी लय में नजर आ रहे हैं। आॅस्ट्रेलिया चार मैचों में तीन जीत और छह अंकों के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर है। उसे एकमात्र पराजय भारत के हाथों मिली है। दूसरी तरफ श्रीलंका की टीम चार मैचों में एक जीत, एक हार और दो रद्द परिणामों के साथ तालिका में पांचवें स्थान पर है। श्रीलंका के चार अंक है और इनमें से दो अंक तो रद्द मैचों से ही आए हैं। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला आगे बढ़ने के लिहाज से बहुत महत्वपूर्ण है। 

आॅस्ट्रेलियाई टीम अपने ओपनर डेविड वार्नर की शानदार फार्म से काफी मजबूत दिखाई दे रही है। वार्नर टूर्नामेंट में अबतक एक शतक और दो अर्धशतक बना चुके हैं। वार्नर ने पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मुकाबले में शानदार शतक बनाया था। वार्नर के अलावा पूर्व कप्तान स्टीवन स्मिथ, कप्तान आरोन फिंच, उस्मान ख्वाज और विकेटकीपर एलेक्स कैरी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। आॅस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजों मिशेल स्टार्क और पैट कमिंस ने विपक्षी बल्लेबाजों के राहत की सांस नहीं लेने दी है। कमिंस और स्टार्क अबतक नौ-नौ विकेट ले चुके हैं और वह श्रीलंका के लिए परेशानी खड़ी कर सकते हैं। श्रीलंका के लिए इस समय परेशानी यही है कि दो मैच रद्द हो जाने से उसकी टीम को पूरा मैच अभ्यास नहीं मिल पा रहा रहा है। श्रीलंकाई टीम ने चार जून के बाद से कोई मैच नहीं खेला है और लंबे अंतराल के बाद विश्व चैंपियन के खिलाफ उतरना उसके लिए परेशानी का सबब बन सकता है। हालांकि इस बीच श्रीलंका के लिए राहत की बात यही है कि उसके तेज गेंदबाज नुवान प्रदीप अभ्यास में लौट आए हैं और आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में उतर सकते हैं। श्रीलंका के तेज गेंदबाज लसित मलिंगा भी इस मैच में टीम के साथ जुड़ेंगे जो अपनी सास के निधन के कारण स्वदेश लौट गए थे।

प्रदीप ने नौ दिन पहले कार्डिफ में अफगानिस्तान के खिलाफ मैच विजयी प्रदर्शन किया था लेकिन ब्रिसटल में नेट अभ्यास में वह चोटिल हो गए थे और बंगलादेश के खिलाफ मैच से बाहर हो गए थे। हालांकि टीम को इसका कोई नुकसान नहीं हुआ क्योंकि उसका पाकिस्तान और बंगलादेश के खिलाफ मैच बारिश से धुल गया था। आॅस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच अबतक 96 मुकाबले हुए हैं जिसमें आॅस्ट्रेलिया ने 60 और श्रीलंका ने 32 मैच जीते हैं।