खेल डेस्क। गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद हाशिम अमला (नाबाद 80) और कप्तान फाफ डुप्लेसिस (नाबाद 96) की बड़ी अर्धशतकीय पारियों के दम पर विश्व कप खिताब की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुके दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को नौ विकेट से करारी शिकस्त दी। इस हार से श्रीलंका की सेमीफाइनल में पहुंचने की उसकी उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।
विश्व कप में मोहम्मद शमी ने तोड़ा मलिंगा का ये रिकॉर्ड, बने इस साल के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज
दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजी तिकड़ी ड्वेन प्रिटोरियस (25 रन देकर तीन विकेट), क्रिस मौरिस (46 रन देकर तीन) और कैगिसो रबाडा (36 रन देकर दो) की शानदार गेंदबाजी के सामने श्रीलंका पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.3 ओवर में केवल 203 रन पर ही ढेर हो गई।
इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने सलामी बल्लेबाज हाशिम अमला और कप्तान फाफ डुप्लेसिस की अर्धशतकीय पारियों के दम पर 37. 2 ओवर में एक विकेट पर 206 रन बनाकर आसान जीत हासिल की।
वेस्टइंडीज पर जीत से भारत की आईसीसी रैंकिंग में बादशाहत कायम
हाशिम अमला और फाफ डुप्लेसिस ने दूसरे विकेट के लिए 175 रन की अटूट साझेदारी की। अमला ने 105 गेंदों पर नाबाद 80 और कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने 103 गेंदों पर नाबाद 96 रन बनाए। यह दक्षिण अफ्रीका की आठ मैचों में दूसरी जीत है। जबकि श्रीलंका को सात मैचों में तीसरी हार का सामना करना पड़ा है। इससे श्रीलंका विश्व कप से लगभग बाहर हो गई है।