खेल डेस्क। उप कप्तान रोहित शर्मा की शतकीय पारी की सहायता से भारत ने बुधवार को दक्षिण अफ्रीका को शिकस्त देकर आईसीसी विश्वकप में विजयी आगाज किया।रोहित शर्मा ने अपनी मैच विजयी पारी के दौरान 144 गेंदों का सामना करते हुए 122 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 13 चौके और दो छक्के लगाए।
इसके साथ ही रोहित शर्मा ने दो बड़ी उपलब्धियां अपने नाम दर्ज करवा ली है। उन्होंने लक्ष्य का पीछा करते सर्वाधिक नाबाद शतक बनाने के मामले में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है।
भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा का यह लक्ष्य का पीछा करते हुए नौवां नाबाद शतक था। इससे पहले मास्टर ब्लास्टर सचिन ने लक्ष्य का पीछा करते हुए आठ नाबाद शतक बनाए थे। इस मामले में विश्व रिकॉर्ड मौजूदा भारतीय कप्तान विराट कोहली के नाम दर्ज है। वह 11 बार इस प्रकार की उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
वहीं रोहित शर्मा ने ओवरऑल शतक लगाने के मामले में पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को पीछे छोड़ दिया है। रोहित शर्मा का यह वनडे में 23वां शतक है। गांगुली ने अपने वनडे करियर में 22 शतक लगाए हैं।वनडे में सर्वाधिक शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में रोहित शर्मा तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनसे आगे विराट कोहली (41) और सचिन तेंदुलकर (49) हैं।