लाइव सिटीज, सेंट्रल डेस्क : मैट हेनरी (29/3) और लॉकी फर्गुसन (22/3) की घातक गेंदबाजी तथा सलामी जोड़ी की शानदार बल्लेबाजी से न्यूजीलैंड ने आईसीसी विश्व कप 2019 के अपने पहले मैच में शनिवार को यहां पूर्व चैंपियन श्रीलंका को 203 गेंद शेष रहते हुए दस विकेट से करारी शिकस्त दी.
हेनरी ने शीर्ष क्रम झकझोरा तो फर्गुसन ने मध्यक्रम लड़खड़ाने में अहम भूमिका निभायी जिससे पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित श्रीलंका कप्तान दिमुथ करुणारत्ने के नाबाद 52 रन के बावजूद 29.2 ओवर में 136 रन पर ढेर हो गया.
अभ्यास मैच में भारत को हराने वाले न्यूजीलैंड ने केवल 16.1 ओवर में बिना किसी नुकसान के 137 रन बनाकर अपने अभियान का जोरदार आगाज किया. मार्टिन गुप्टिल (नाबाद 73 रन, 51 गेंद, दो छक्के, आठ चौके) और कोलिन मुनरो (नाबाद 58 रन, 47 गेंद, एक छक्का, छह चौके) ने कीवी टीम को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचाया.
न्यूजीलैंड ने विश्व कप में रिकार्ड तीसरी बार दस विकेट से जीत दर्ज की. विश्व कप में बड़े स्कोर के कयास लगाये जा रहे हैं, लेकिन टूर्नामेंट में यह लगातार दूसरा मैच है जिसमें 50 ओवर के अंदर ही मैच का परिणाम निकल आया. वेस्टइंडीज ने शुक्रवार को पाकिस्तान को 105 रन पर समेटकर सात विकेट से जीत दर्ज की थी.
ऑस्ट्रेलिया ने अफगानिस्तान को सात विकेट से हराया
फिंच (66 रन ,49 गेंद, चार छक्के, छह चौके) और डेविड वार्नर (नाबाद 89 रन, 114 गेंद, आठ चौके) की ओपनर जोड़ी की शानदार साझेदारी की बदौलत आस्ट्रेलिया ने आईसीसी विश्व कप 2019 के अपने पहले मैच में शनिवार को यहां अफगानिस्तान को सात विकेट से हरा दिया. वार्नर ने बेहतरीन पारी खेली और वह अंत तक आउट नहीं हुए.
उनके जोड़ीदार फिंच ने भी बेहतरीन पारी की बदौलत अफगानिस्तान की हार की पुख्ता नींव रख दी. फिंच के बाद आये उस्मान ख्वाजा महज ने 15 और स्टीव स्मिथ ने 18 रन बनाए. जीत की औपचारिकता को ग्लेन मैक्सवेल ने चौका लगाकर पूरा किया.अफगानिस्तान के मुजीब उर रहमान, राशिद खान और गुलबदीन नायब ने एक-एक विकेट लिया.

इससे पहले पैट कमिन्स और एडम जंपा के तीन -तीन विकेट की मदद से आस्ट्रेलिया ने अफगानिस्तान को 38.2 ओवर में 207 रन पर समेट दिया था जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 34.5 ओवरों में तीन विकेट पर 209 रन बनाकर मैच जीत लिया.
The post CWC 2019: श्रीलंका पर कीवी की शानदार जीत, 10 विकेट से दी मात appeared first on Live Cities.