लाइव सिटीज, सेंट्रल डेस्क : आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप की शुरुआत भारत आज से करने जा रहा है. भारत बुधवार को अपना पहला मैच दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगा. वर्ल्ड कप 2019 में दक्षिण अफ्रीका दो मैच में हार का सामना करने के बाद भारत के खिलाफ तीसरे मैच में उतरेगा. वहीं भारत का यह पहला मैच होगा, जहां भारत जीत के साथ वर्ल्ड कप का आगाज करने की कोशिश करेगा. बुधवार को दोपहर तीन बजे से साउथेम्पटन में खेले जाने वाले इस मैच में दक्षिण अफ्रीका पर काफी दबाव रहेगा. अफ्रीका अभी खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर भी परेशान है और 2 हार का दवाब भी अफ्रीका पर दिखाई दे सकता है.
साउथम्पटन में भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें जब आज बुधवार को वर्ल्ड कप के लिए मैदान में उतरेंगी तो भारतीय टीम में बहुत कुछ बदला हुआ होगा और सभी की नजर क्रिकेट के महाकुंभ में पहली बार कप्तानी कर रहे विराट कोहली पर होगी क्योंकि कई रिकॉर्ड उनका इंतजार कर रहे हैं.
1,563 दिन बाद वर्ल्ड कप में भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें जब फिर आमने-सामने होंगी तो बतौर कप्तान विराट कोहली की नजर पहले मैच में जीत हासिल करने की होगी. कोहली अगर यह मैच जीतते हैं तो वह वर्ल्ड कप में बतौर कप्तान जीत से अपना आगाज करेंगे, साथ ही कप्तान के रूप में उनकी 50वीं जीत होगी.
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 का मुकाबला कल यानी 5 जून को साउथेम्प्टन में खेला जाएगा. वर्ल्ड कप की बात करें तो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड बहुत डरावना रहा है. लेकिन मौजूदा फॉर्म को देखते हुए भारत का पलड़ा दक्षिण अफ्रीका पर भारी नजर आता है.

दक्षिण अफ्रीका को वर्ल्ड कप 2019 में अब तक अपने पहले मैच में इंग्लैंड और दूसरे मैच में बांग्लादेश के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है. अब टीम इंडिया के खिलाफ हार उसके लिए इस टूर्नामेंट में मुश्किलें खड़ी कर देगा. इस मैच में साउथ अफ्रीका जीत के लिए जी-जान लगा देगी. भारत और दक्षिण अफ्रीका 1992 से लेकर अब तक वर्ल्ड कप में चार बार आमने-सामने हुई हैं जिसमें से तीन बार अफ्रीकी टीम ने बाजी मारी है. जबकि भारतीय टीम को सिर्फ एक मैच में जीत हासिल हुई है.
कोहली से आगे प्लेसिस
कोहली अब तक 68 वनडे मैचों में कप्तानी कर चुके हैं जिसमें उन्होंने भारतीय टीम को 49 मैचों में जीत दिलाई, जबकि 17 में हार मिली. एक मैच टाई रहा और एक मैच का परिणाम नहीं निकला. बतौर कप्तान उनकी सफलता का औसत 73.88 फीसदी है. दिलचस्प बात यह है कि वर्ल्ड कप में शिरकत कर रही 10 टीमों में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फैफ डु प्लेसिस ही बतौर कप्तान कोहली से आगे हैं. कप्तान फैफ डु प्लेसिस की हार-जीत का औसत 78.12 फीसदी है.
फैफ डु प्लेसिस ने अब तक 32 वनडे मैचों में कप्तानी करते हुए 25 में टीम को जीत दिलाई है, जबकि महज 7 मैचों में हार मिली है. हालांकि उनकी कप्तानी में अफ्रीकी टीम की वर्ल्ड कप में शुरुआत बेहद खराब रही और उसे शुरुआती 2 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. और वह इस अंकतालिका में वह सबसे नीचे है.
The post CWC 2019: 5 जून को भारत के सामने दक्षिण अफ्रीका, 3 बजे से होगा मैच appeared first on Live Cities.