Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

CWC 2019: भारत-पाक के बीच करो या मरो की जंग से पहले बजा शंख, चचा ने किया भांगड़ा

 
नई दिल्ली 

आईसीसी वर्ल्ड कप-2019 का 'सबसे बड़ा मुकाबला'  कल यानी 16 जून को होगा, जब दो चिर प्रतिद्वंदी मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रेफर्ड में एक-दूसरे को टक्कर देंगे. इससे पहले फैन्स के बीच माहौल बनने लगा है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें टीम इंडिया और पाकिस्तान के फैन्स एक साथ भांगड़ा करते नजर आ रहे हैं. डेढ़ मिनट के इस वीडियो में इंडियन फैन सुधीर कुमार चौधरी शंख और तिरंगे के साथ हैं, जबकि पाकिस्तान की ओर से चचा झूम रहे हैं.
 
मैच पर बारिश का साया

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को मैनचेस्टर में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होगी. गौरतलब है कि गुरुवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ चुका है. एक्वावेदर डॉट कॉम के अनुसार रविवार को मैनचेस्टर में सुबह 9 बजे बारिश की पहली बौछार से मैदान गीला हो सकता है. इसके बाद दोबारा 11 बजे बारिश की संभावना है. दोपहर 2 बजे भी बारिश का पूर्वानुमान है. भारत-पाकिस्तान के बीच वर्ल्ड कप में अब तक छह मुकाबले हो चुके हैं और सभी में टीम इंडिया की जीत हुई है. पुलवामा हमले के बाद दोनों देशों के बीच बढ़े राजनयिक तनाव के कारण इस मैच के बहिष्कार की मांग की गई थी.

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने ‘आतंकवाद उत्पन्न’ करने वाले देशों से संबंध तोड़ने के बीसीसीआई के आग्रह को ठुकराते हुए कहा था कि इस तरह के मामलों में आईसीसी की कोई भूमिका नहीं है. इस मुकाबले के  टिकटों की कीमत 60 हजार रुपये तक पहुंच गई थी. साल 2013 के बाद भारत और पाकिस्तान की टीम कूटनीतिक कारणों से सिर्फ आईसीसी और एशियाई क्रिकेट काउंसिल द्वारा आयोजित किए जाने वाले टूर्नामेंट में आमने-सामने हो पाती हैं.