Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

FIH सीरीज फाइनल्स: भारत महिला टीम ने जापान को हराकर जीता स्वर्ण पदक

हिरोशिमा 
गुरजीत कौर के 2 गोलों की मदद से भारत की महिला हॉकी टीम ने रविवार को यहां जापान को 3-1 से हराकर एफआईएच विमिन सीरीज फाइनल्स टूर्नमेंट जीत लिया। इस टूर्नमेंट के सेमीफाइनल में शनिवार को चिली को 4-2 से हराने के साथ ही भारत ने ओलिंपिक क्वॉलिफायर के लिए क्वॉलिफाई किया था।  

भारत ने तीसरे मिनट में हासिल पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करते हुए 1-0 की बढ़त हासिल की। भारत के लिए यह गोल कप्तान रानी रामपाल ने किया। इसके बाद जापान ने 11वें मिनट में फील्ड गोल के जरिए 1-1 की बराबरी कर ली। जापान के लिए यह गोल केनॉन मोरी ने किया। 

दूसरे क्वॉर्टर में कोई गोल नहीं हुआ लेकिन तीसरे क्वॉर्टर के अंतिम मिनट में भारत के लिए गुरजीत कौर ने एक शानदार ड्रैग फ्लिक से गोल करते हुए स्कोर 2-1 कर दिया। भारत ने 2-1 की बढ़त के साथ अंतिम क्वॉर्टर में प्रवेश किया। 

इस क्वॉर्टर में हालांकि जापान को बराबरी करने के कई मौके मिले, लेकिन वह उन्हें भुना नहीं सकी। भारत ने हालांकि 60वें मिनट में हासिल पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करते हुए 3-1 के अंतर के साथ भारत की जीत पक्की कर दी।