Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

ICC World Cup: अभ्यास के दौरान कप्तान विराट कोहली की में लगी चोट गंभीर नहीं

 
नई दिल्ली

भारत का विश्वकप अभियान 5 जून से शुरू होने वाला है। हालांकि अभियान शुरू होने से पहले ही रविवार को टीम इंडिया को झटका लगा। टीम के कप्तान विराट कोहली अभ्यास के दौरान अपना अंगूठा चोटिल कर बैठे हैं। उन्हें यह चोट साउथेम्प्टन में अभ्यास सत्र के दौरान दाएं हाथ के अंगूठे में लगी। भारत को विश्वकप अभियान की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच से करना है। हालांकि उंगली में चोट की वजह से उन्हें खेलने में परेशानी नहीं होगी। सूत्रों ने बताया कि मामूली चोट से चिंता की बात नहीं है और विराट साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैदान में मौजूद रहेंगे। 
 
चोट के बाद भारतीय कप्तान टीम के फिजियो पैट्रिक फारहार्ट के साथ दिखे। पैट्रिक ने सबसे पहले तो उनके अंगूठे पर दर्द निवारक स्प्रे किया और उसपर टेप लगा दिया। इस दौरान वह बर्फ से अंगूठे की सिकाई करते नजर आए। मैदान से बाहर जाते वक्त उनके हाथ में एक गिलास था, जिसमें बर्फ से भरा पानी था। इसमें विराट ने अपनी चोटिल अंगूठा डुबा रखा था। 
 
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से विराट कोहली की चोट से संबंधित हालांकि अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया गया है। भारतीय फैंस के लिए राहत की बात यह है कि मैच 5 जून को होना है और विराट के पास 3 दिन का वक्त है। 
 
अगर विराट कोहली की चोट ठीक नहीं होती है तो टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है। एक तो इंग्लिश कंडिशन में एशियाई टीमें संघर्ष करती दिख रही हैं तो दूसरी ओर विराट टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी हैं। उनके नहीं होने पर ओपनर रोहित शर्मा और शिखर धवन पर अतिरिक्त दबाव आ सकता है। 
 
उल्लेखनीय है कि वर्ल्ड कप से ठीक पहले आईपीएल के दौरान केदार जाधव चोटिल हुए थे। वह अब फिट हैं। हालांकि उन्होंने दोनों अभ्यास मैचों में हिस्सा नहीं लिया था। दूसरी ओर, विजय शंकर भी चोट की वजह से न्यू जीलैंड के खिलाफ अभ्यास मैच नहीं खेल पाए थे।