नई दिल्ली
टीम इंडिया के सीमित ओवरों में सबसे सफल कप्तान और 'कैप्टन कूल' के नाम से सभी दिलों पर राज करने वाले महेंद्र सिंह धोनी आज अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं। 7 जुलाई को जन्मे धोनी को इस नंबर से बेहद लगाव है। धोनी कई मौकों पर 7 नंबर से प्यार को बयां भी कर चुके हैं। धोनी की कप्तानी में भारत ने पूरी दुनिया में क्रिकेट में सफलता के झंडे गाड़े। भारतीय टीम विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। माना जा रहा है कि धोनी का यह आखिरी विश्व कप है। ऐसे में वह एक बार फिर से टीम इंडिया को चैंपियन बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक देंगे।
भारत के लिए सबसे ज्यादा वनडे में की कप्तानी
भारत के लिए सबसे ज्यादा वनडे मैचों में कप्तानी करने वाले एमएस धोनी इस बार विराट के नेतृत्व में यह वर्ल्ड कप खेलने उतरे हैं। 2007 में कप्तानी मिलने के बाद धोनी ने 200 वनडे मैचों में टीम इंडिया की कमान संभाली। उनके नेतृत्व में टीम इंडिया को 110 मैचों में जीत मिली। वह दुनिया के तीसरे ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने सबसे ज्यादा वनडे मैचों में कप्तानी की हो।
देश को दिला चुके हैं दो विश्व कप खिताब
अपनी कप्तानी में ही उन्होंने भारत को वर्ल्ड टी20 चैंपियन (2007) और वर्ल्ड कप (2011) का चैंपियन बनाया। इतना ही नहीं उन्होंने 2015 में आईसीसी चैंपियन्स ट्रोफी का खिताब भी भारत की झोली में डाला। वह दुनिया के एकमात्र कप्तान हैं, जिन्होंने आईसीसी के तीनों खिताबों पर अपना कब्जा जमाया हो।
बेहतरीन फिनिशर्स का रुतबा
बांग्लादेश के खिलाफ 2004 में अपने इंटरनैशनल क्रिकेट करियर की शुरुआत करने वाले धोनी ने मैच फिनिशर्स के रूप में अपनी पहचान बनाई। अपने करियर में ज्यादातर समय तक 7वें नंबर पर बैटिंग करने धोनी स्लॉग ओवरों में तेजी से रन जुटाने के लिए जाने जाते हैं। आज धोनी अपनी पारंपरिक शैली से थोड़ा हटकर खेलते दिखते हैं, तो उन पर जो सवाल उठते हैं। लेकिन नंबर 7 तेजी से रन बनाने के यह मानक उनके ही स्थापित किए हुए हैं।
90 टेस्ट खेल चुके हैं धोनी
अब तक माही 90 टेस्ट, 348 वनडे और 98 टी20इंटरनैशनल मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। 2015 में उन्होंने भले टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया हो, लेकिन उनके फैन्स को उनसे सीमित ओवरों में यह सफर अभी जारी रखने की आस है।
भारत क इस मौके पर उनके साथ खेल चुके वीरेंदर सहवाग ने उन्हें अपने ही अंदाज में बधाई दी है।