Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

भारत ए ने विंडीज ए को 65 रन से हराया

एंटीगा
श्रेयस अय्यर की 77 रन की बेहतरीन पारी और गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन से भारत ए ने वेस्टइंडीज ए के दौरे में अपना पहला गैर आधिकारिक एकदिवसीय मैच गुरुवार को 65 रन से जीत लिया। भारत ए ने 48.5 ओवर में 190 रन बनाए और मेजबान टीम को 35.5 ओवर में 125 रन पर निपटा दिया। अय्यर को उनकी शानदार पारी के लिए मैन आॅफ द मैच का पुरस्कार मिला। भारत ने इस जीत के साथ पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। अय्यर ने 107 गेंदों पर 77 रन की पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया। हनुमा विहारी ने 63 गेंदों में 34, ईशान किशन ने 16, अक्षर पटेल ने 17, शुभमन गिल ने 10 और वाशिंगटन सुंदर ने नाबाद 10 रन बनाए। कप्तान रोस्टन चेज ने 19 रन पर चार विकेट और अकीम जॉर्डन ने 43 रन पर तीन विकेट लिए। 

लक्ष्य का पीछा करते हुए विंडीज की टीम अपने चार विकेट 30 रन पर गंवाने के बाद वापसी नहीं कर पायी। जोनाथन कार्टर (नाबाद 41) और रोवमैन पावेल (41) ने पांचवें विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी की लेकिन इस साझेदारी के टूटते ही वेस्टइंडीज की टीम 125 रन पर सिमट गई। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए आठ ओवर में मात्र 16 रन देकर तीन विकेट झटके। राहुल चाहर ने 32 रन पर दो विकेट, अक्षर पटेल ने 16 रन पर दो विकेट और वाशिंगटन सुंदर ने 37 रन पर दो विकेट लिए।