नई दिल्ली
एशियाई चैंपियनशिप के रजत पदकधारी आशीष कुमार (75 किग्रा) ने शनिवार को अपना पहला अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण जीता और साथ ही भारतीय मुक्केबाजों ने बैंकॉक में थाइलैंड ओपन अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी टूर्नमेंट में 8 पदक अपनी झोली में डाले। भारत ने एक स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य पदक अपने नाम किए। भारतीय दल का प्रदर्शन शानदार रहा जिसमें 37 देशों के दुनिया के सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाजों ने शिरकत की।
अंतिम दिन जिन भारतीयों ने रजत पदक से संतोष किया, उसमें पूर्व विश्व जूनियर चैंपियन निखत जरीन (51 किग्रा), एशियाई चैंपियनशिप के रजत पदकधारी दीपक (49 किग्रा), गीबी मुक्केबाजी प्रतियोगिता के रजत पदकधारी मोहम्मद हसमुद्दीन (56 किग्रा) और इंडिया ओपन के रजत पदक विजेता बृजेश यादव (81 किग्रा) शामिल रहे। आशीष (75 किग्रा) शानदार फॉर्म में थे, उन्होंने इंडिया ओपन में रजत जीतने के दो महीने के बाद कोरिया के किम जिनजाए को 5-0 से पस्त कर अपने करियर का बड़ा पदक हासिल किया।