लंदन
वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड और आयरलैंड के बीच चारदिवसीय टेस्ट मैच लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर खेला जा रहा है। टॉस जीतकर इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और आयरलैंड के खिलाफ पूरी टीम महज 85 रनों पर सिमट गई। जैक लीच 1 रन बनाकर नॉटआउट लौटे। आयरलैंड की ओर से टिम मुर्ताग ने पांच विकेट झटके, जबकि मार्क एडेर ने तीन विकेट लिए।
इंग्लैंड की ओर से विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले जेसन रॉय ने इस मैच के साथ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया, लेकिन महज पांच रन बनाकर आउट हुए। इस तरह से इंग्लैंड ने 8 रनों पर अपना पहला विकेट गंवा दिया। टिम मुर्ताग और मार्क एडेर ने मिलकर इंग्लिश बल्लेबाजी की कमर तोड़ डाली है। रॉय के बाद जोए डेनली 23 रन बनाकर आउट होने वाले दूसरे बल्लेबाज बने। रोरी बर्न्स 6 रन बनाकर आउट हुए और इस तरह से इंग्लैंड ने 36 रनों तक तीन विकेट गंवा दिए।
कप्तान जो रूट के रूप में इंग्लैंड को चौथा झटका लगा, जिन्होंने महज दो रनों का योगदान दिया। इसके बाद जॉनी बेयरेस्टो, क्रिस वोक्स और मोइन अली बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। सैम करन और स्टुअर्ट ब्रॉड ने इसके बाद इंग्लैंड का स्कोर 50 रनों के पार पहुंचाया। 58 रनों पर स्टुअर्ट ब्रॉड के रूप में इंग्लैंड को आठवां झटका लगा। इंग्लैंड की ओर से भी खेल चुके आयरिश क्रिकेटर बॉयड रैंकिन ने सैम करन को आउट कर इंग्लैंड को 9वां झटका दिया। एडेर ने ओली स्टोन को आउट कर इंग्लैंड की पारी का अंत किया।