नई दिल्ली
आईसीसी विश्व कप 2019 के फाइनल मैच में न्यूजीलैंड का भाग्य ने साथ नहीं दिया और इंग्लैंड वर्ल्ड चैंपियन बन गया। 14 जुलाई को खेले गए विश्व कप फाइनल में दोनों टीमों के बीच मैच टाई हुआ, सुपर ओवर भी टाई हुआ और फिर नतीजा बाउंड्रीज के दम पर हुआ। मैच प्रेजेंटेशन के दौरान मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर भी वहां मौजूद थे। कीवी टीम के कप्तान केन विलियमसन को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया था और उन्हें ये अवॉर्ड तेंदुलकर ने ही दिया था। तेंदुलकर ने बताया है कि क्यों उन्होंने अपनी विश्व कप 2019 का कप्तान विराट कोहली को नहीं बल्कि केन विलियमसन को बनाया।
मैच प्रेजेंटेशन के समय तेंदुलकर ने अवॉर्ड देते हुए विलियमसन से कहा था, 'आपके खेल की तारीफ सबने की है, आपके लिए अच्छा विश्व कप रहा।' इसके अलावा तेंदुलकर ने विश्व कप 2019 प्लेइंग इलेवन टीम चुनी, जिसका कप्तान विलियमसन को ही रखा। तेंदुलकर ने इसके पीछे का कारण भी बताया है। तेंदुलकर ने कहा, 'उनकी सबसे अच्छी बात है कि वो काफी शांत रहते हैं, वो किसी भी परिस्थिति में अपना संयम नहीं खोते हैं। ये दुर्भाग्यपूर्ण था कि वो विश्व कप नहीं जीत सके, लेकिन ये उनके चेहरे पर नहीं झलक रहा था।'
तेंदुलकर ने कहा, 'विलियमसन खेल को बहुत अलग नजरिए से देखते हैं, छोटे लक्ष्य का बचाव करते हुए उनका फील्ड प्लेसमेंट और गेंदबाजी में बदलाव शानदार है। सेमीफाइनल मैच में जब रविंद्र जडेजा बड़े शॉट्स खेल रहे थे, तब भी वो शांत थे और आपने रिजल्ट देखा ही था।' तेंदुलकर ने कहा उनकी इन्हीं खूबियों की वजह से उन्होंने विलियमसन को अपनी टीम का कप्तान चुना।
सचिन की विश्व कप प्लेइंग XI: रोहित शर्मा, जॉनी बेयरस्टो, केन विलियमसन (कप्तान), विराट कोहली, शाकिब अल हसन, बेन स्टोक्स, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, मिशेल स्टार्क, जोफ्रा आर्चर और जसप्रीत बुमराह।