Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

शिव थापा प्रेसीडेंट कप के फाइनल में पहुंचे

नई दिल्ली
भारतीय मुक्केबाज शिव थापा ने अपने नए भार वर्ग 63 किग्रा में प्रभावशाली शुरुआत करते हुए शुक्रवार को कजाखस्तान के अस्ताना में प्रेसीडेंट कप मुक्केबाजी टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई। ट्रायल्स में हारने के कारण विश्व चैंपियनशिप की टीम में जगह नहीं बना पाने वाले थापा ने सेमीफाइनल में किर्गीस्तान के अर्गोन कादिरीबेकुलु को 4-1 से हराया।

थापा के अलावा महिला मुक्केबाज परवीन (60 किग्रा) ने भी स्थानीय खिलाड़ी करीना इब्रागिमोवा को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। थापा को शुरू में कड़ी चुनौती मिली। पहले तीन मिनट के बाद वह पिछड़ रहे थे लेकिन इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी की।

उन्होंने अस्ताना से पीटीआई से कहा, 'पहले दौर में मैं आक्रामक था। इसके बाद मैंने जवाबी हमले करने पर ध्यान दिया।' भारत के दो अन्य मुक्केबाज दुर्योधन सिंह नेगी (69 किग्रा) और स्वीटी बूरा (81 किग्रा) को सेमीफाइनल में हारने के कारण कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता अमित पंघल (52 किग्रा) हालांकि क्वार्टर फाइनल में हारने के कारण बिना पदक के ही बाहर हो गए।