Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

संन्यास के फैसले पर कोहली ने रायडू को कहा ‘टॉप मैन’, आ गए निशाने पर

 
नई दिल्ली     
    
आईसीसी वर्ल्ड कप-2019 में दो भारतीय खिलाड़ियों के चोटिल होने के बावजूद मौका नहीं मिलने पर अंबति रायडू ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी. उनके इस फैसले के बाद कप्तान विराट कोहली ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए टॉप मैन कहा है. हालांकि कोहली इस ट्वीट के बाद फैन्स के निशाने पर आ गए.

एक फैन ने सवाल पूछा कि 'अगर रायडू को वर्ल्ड कप नहीं खिलाना था, दो साल से उन्हें लगातार वनडे मैच क्यों खिला रहे थे? वर्ल्ड कप टीम के चयन में आईपीएल का प्रदर्शन फैक्टर नहीं रहा. फिर भी अगर इसी वजह से निकाले गए तो तुमने कौन सा तीर मार दिया था आईपीएल में?' एक फैन ने आग में घी डालने वाली तस्वीर शेयर की.

अंबति रायडू के संन्यास के फैसले पर भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने अनुभवी अंबति रायडू को नजरअंदाज किए जाने पर चयनकर्ताओं को आड़े हाथों लिया था. गंभीर का कहना था कि चयनकर्ताओं द्वारा नजरअंदाज किए जाने के कारण ही रायडू ने संन्यास की घोषणा की है. गंभीर ने रायडू के संन्यास पर कहा, 'मेरे अनुसार, इस वर्ल्ड कप में चयनकर्ता पूरी तरह से निराश होंगे. रायडू का संन्यास लेने का कारण वे ही हैं.'

बता दें कि भारतीय चयनकर्ताओं ने वर्ल्ड कप के लिए रिजर्व खिलाड़ी होने के बावजूद रायडू को 15 सदस्यीय टीम में शामिल नहीं किया था. शिखर धवन और विजय शंकर के चोटिल होने के बावजूद उन्हें टीम में मौका नहीं दिया गया. इससे परेशान होकर रायडू ने बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी.