Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

मिनर्वा पंजाब और पांच अन्य आईलीग क्लबों ने फीफा से मांगी मदद

नयी दिल्ली
मिनर्वा पंजाब, मोहन बागान और ईस्ट बंगाल जैसे चोटी के आईलीग क्लबों ने फीफा अध्यक्ष गियानी इन्फेनटिनो को पत्र लिखकर उनसे भारतीय फुटबाल में अस्तित्व को लेकर चल रहे अपने संघर्ष में मदद करने को कहा। चर्चिल ब्रदर्स, आइजोल एफसी और गोकुलम केरला एफसी अन्य क्लब हैं जिन्होंने विश्व फुटबाल की शीर्ष संस्था को पत्र लिखा है। पत्र पर मिनर्वा पंजाब के मालिक रणजीत बजाज के हस्ताक्षर हैं। इन क्लबों ने जो मुख्य मुद्दा उठाया है वह अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) का इंडियन सुपर लीग को एआईएफएफ और आईएमजी रिलायंस के बीच 2010 में हुए करार के आधार पर शीर्ष स्तर के टूर्नामेंट का दर्जा देना है।

क्लबों ने अपने पत्र में लिखा है कि हाल की मीडिया रिपोर्टों और स्वयं एआईएफएफ के बयान से संकेत मिलते हैं कि एआईएफएफ 2013 में अस्तित्व में आये आईएसएल को देश के सर्वोच्च लीग का दर्जा देना चाहता है जबकि 2007 में भारत के पहले पेशेवर फुटबाल लीग के रूप में शुरू किये गये आईलीग को दूसरी श्रेणी और निम्न स्तर का लीग बनाया जा रहा है। इससे पहले इन क्लबों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी पत्र लिखा था जिसमें उन्हें भारतीय फुटबाल के संकट से अवगत कराया गया था। क्लबों ने इन्फेनटिनो से भारतीय फुटबाल को जिस तरह से संचालित किया जा रहा है, उसको लेकर जांच बिठाने का आग्रह किया है। पत्र में आगे कहा गया है कि भारतीय फुटबाल के स्तर में तेजी से गिरावट आयी है। फुटबाल भारत सहित विश्व में सर्वाधिक लोकप्रिय खेल है लेकिन जहां तक राष्ट्रीय महासंघ का सवाल है तो यह लोकप्रियता अच्छे प्रशासन से मेल नहीं खाती है।