Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

शाकिब ने रचा इतिहास, हेडन और सचिन के खास क्लब में हुए शामिल

लंदन

आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 में बांग्लादेश की टीम भले ही सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई, लेकिन इस टीम के स्टार ऑलराउंडर शाकिब अल हसन ने टूर्नामेंट में इतिहास रच दिया है. वर्ल्ड कप 2019 में शाकिब अल हसन का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा. वो एक तरह से अकेले अपनी टीम को जीत पर जीत दिलाते रहे, लेकिन दुर्भाग्यवश उन्हें बाकी साथियों से उतना समर्थन नहीं मिला जिसकी टीम को जरूरत थी.

शाकिब अल हसन ने शुक्रवार को पाकिस्तान के खिलाफ मैच में 64 रन बनाते ही इस वर्ल्ड कप में 600 रन पूरे किए. साथ ही वह रोहित शर्मा को पीछे छोड़ते हुए वर्ल्ड कप 2019 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए. शाकिब ने आठ मैचों की आठ पारियों में 606 रन बनाए.

सचिन-हेडन के क्लब में शामिल हुए शाकिब

शाकिब वर्ल्ड कप के इतिहास में 600 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे बल्‍लेबाज बन गए हैं. इसी के साथ ही वह मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू हेडन के क्लब में शामिल हो गए हैं. वर्ल्ड कप के किसी एक सीजन में 600 या उससे ज्यादा रन बनाने के मामले में शाकिब अल हसन तीसरे बल्लेबाज हैं.

सचिन तेंदुलकर पहले स्थान पर हैं, जिन्होंने 2003 वर्ल्ड कप में 673 रन बनाए थे. इसके बाद ऑस्‍ट्रेलिया के मैथ्‍यू हेडन का नंबर आता है. हेडन ने 2007 वर्ल्ड कप में 659 रन बनाए थे.

वर्ल्ड कप के इतिहास में शाकिब अल हसन ऐसे एकमात्र क्रिकेटर हैं, जिन्‍होंने एक सीजन में 600 से ज्‍यादा रन और 10 से अधिक विकेट लिए हैं.

शाकिब ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड

शाकिब अल हसन दुनिया के पहले ऐसे क्रिकेटर बन गए हैं, जिन्होंने वर्ल्ड कप के एक सीजन में 7 बार 50 से ज्यादा रन की पारियां खेली हैं. इसमें 2 शतक और 5 अर्धशतक शामिल हैं. शाकिब अल हसन ने पाकिस्तान के खिलाफ 51वां रन बनाते ही सचिन तेंदुलकर के एक वर्ल्ड कप में 7 बार 50 रन से ज्यादा की पारी खेलने के वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ दिया.

सचिन तेंदुलकर ने साल 2003 के वर्ल्ड कप में 11 पारियों में ये उपलब्धि हासिल की थी. लेकिन, शाकिब अल हसन ने 8 पारियों में ये कारनामा कर दिया. शाकिब ने गेंद से भी अच्छा योगदान दिया और आठ मैचों में 11 विकेट लिए. वह 'मैन ऑफ द सीरीज' के प्रबल दावेदारों में से एक हैं.