Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

बुमराह, रविंद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, पूनम यादव में से अर्जुन अवार्ड के लिए किसी एक का नाम हटेगा

नई दिल्ली
विराट कोहली को बीते वर्ष देश का सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न मिलने के बाद इस बार बीसीसीआई ने इस सम्मान के लिए किसी क्रिकेटर का नाम प्रस्तावित नहीं किया, लेकिन पंजाब सरकार ने स्टार क्रिकेटर हरभजन सिंह का नाम खेल रत्न के लिए आवेदन की अंतिम तिथि निकलने के बाद खेल मंत्रालय को भेजा है। पंजाब सरकार ने हरभजन और हॉकी ड्रैग फ्लिकर गुरजीत कौर का नाम खेल रत्न के लिए बीते माह 25 जून को किया है। मंत्रालय ने दोनों का आवेदन अंतिम तिथि निकलने के बाद किए जाने पर खारिज कर दिया है।

यही नहीं बीसीसीआई ने इस बार अर्जुन अवार्ड के लिए जसप्रीत बुमराह, रविंद्र जडेजा, मोहम्मद शमी और पूनम यादव के नाम की सिफारिश की है। मंत्रालय ने बोर्ड से कहा है कि उन्हें इनमें से किसी एक का नाम हटाना होगा। नियमानुसार खेल संघ तीन नाम की सिफारिश कर सकते हैं। बोर्ड ने अब तक इसका जवाब नहीं दिया है। यही नहीं इस नियम के चलते विश्व यूनिवर्सियाड में ऐतिहासिक गोल्ड जीतने वाली दुती चंद को भी इस बार अर्जुन अवार्ड नहीं मिल पाएगा। एथलेटिक फेडरेशन ऑफ इंडिया ने पांच नाम इस अवार्ड के लिए भेजे, जिसमें पांचवां नाम दुती का था।

बीसीसीआई ज्यादातर तीन या उससे कम नामों की सिफारिश अवार्ड के लिए करता है, लेकिन इस बार उसने चार नाम भेज दिए और नामों की प्राथमिकता भी तय नहीं की। यही कारण है कि मंत्रालय उनसे एक नाम को हटाने के लिए कह रहा है, लेकिन हैरानी भरा मामला पंजाब सरकार का है। अवार्ड के आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल होती है, उसने लगभग दो माह बाद हरभजन का नाम खेल रत्न के लिए भेजा। अवार्ड के लिए मारामारी और पिछले कोर्ट केसों को देखते हुए मंत्रालय इस बार अतिरिक्त सावधानी रख रहा है। जिसका भी आवेदन अंतिम तिथि के बाद है उसे खारिज किया जा रहा है।

एएफआई ने पांच नामों में अंतिम नाम दुती का भेजा था। उनके राज्य उड़ीसा ने भी उनका नाम अर्जुन अवार्ड के लिए भेजा है, लेकिन उसने भी पंजाब सरकार की तरह अंतिम तिथि निकलने के बाद यह आवेदन किया है। खेल मंत्रालय को अधिकार है कि वह अवार्ड कमेटी के सामने उनके नाम की सिफारिश कर सकता है। दुती के अलावा एशियाई खेलों में 800 मीटर का गोल्ड जीतने वाले मंजीत सिंह का आवेदन भी पांच से अधिक नाम के चलते खारिज हुआ है। वहीं डबल्स टेनिस खिलाड़ी दिविज शरण ने अंतिम तिथि निकलने के बाद आवेदन किया, जिसके चलते उनका आवेदन भी खारिज किया गया है।