नयी दिल्ली
दो बार के ओलंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार टोक्यो ओलंपिक के लिये पहली क्वालिफाइंग प्रतियोगिता विश्व चैंपियनशिप के शुक्रवार को होने वाले चयन ट्रायल में 74 किग्रा वर्ग में अपनी चुनौती पेश करेंगे। कजाखिस्तान में होने वाली विश्व चैंपियनशिप टोक्यो ओलंपिक के लिये पहली क्वालिफाइंग प्रतियोगिता है और इसके लिये विभिन्न वज़न वर्गों के ट्रायल आयोजित किये जाएंगे। पहले यह ट्रायल हरियाणा के सोनीपत में होना था लेकिन भारतीय कुश्ती महासंघ ने दिल्ली के आईजी स्टेडियम में बेहतर सुविधाएं होने के कारण ट्रायल को आईजी स्टेडियम स्थानांतरित कर दिया है।
भारत के लिये 2008 के बीजिंग ओलम्पिक के कांस्य पदक और 2012 के लंदन ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाले सुशील ने पुष्टि कर दी है कि वह इस ट्रायल में हिस्सा लेंगे। सुशील की पुष्टि के बाद यह तय हो गया है कि उनके वजन वर्ग में जबरदस्त घमासान होगा। सुशील रूस में ट्रेनिंग कर लौटे हैं और उन्होंने दिल्ली लौटने के बाद ट्रायल के लिए अपनी प्रविष्टि भेज दी है। कुश्ती महासंघ ने पहले कहा था कि यदि सुशील ट्रायल में हिस्सा लेना चाहते हैं तो ले सकते हैं। सुशील अदालती विवाद के कारण 2016 के रियो ओलंपिक में हिस्सा नहीं ले पाये थे। सुशील के वजन वर्ग में इस समय प्रवीण राणा, अमित धनखड़ और जितेन्द्र अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। इसलिये यह माना जा रहा है कि इस वज़न वर्ग से विश्व चैंपियनशिप में जाने के लिये सबसे अधिक घमासान होगा।