नई दिल्ली
टीम इंडिया के कैप्टन विराट कोहली और ओपनर रोहित शर्मा के बीच सब कुछ सही नहीं है? यह सवाल हर क्रिकेट प्रेमी के जेहन में घूम रहा है। प्रशासकों की समिति (सीओए) ने भले ही भारतीय क्रिकेट टीम के दो स्टार प्लेयर्स के बीच टकराव की खबर को नकार दिया है, लेकिन यह भी सच होता है कि बिना आग के धुआं नहीं उठता।
भारतीय खेल प्रेमियों ने भारतीय क्रिकेट के दो महानायक सुनील गावसकर और कपिल देव के बीच चले लंबे शीत युद्ध को करीब से देखा है, हालांकि ना तो गावसकर ने कभी यह स्वीकारा कि उनके कपिल के साथ कुछ मतभेद थे और ना ही कपिल ने भी कुछ ऐसा कहा। इसके बावजूद 1983 वर्ल्ड कप में कपिल की अगुआई में गावसकर को एक मैच में इलेवन में जगह नहीं देने और 1984 में गावसकर की अगुआई में कपिल को कोलकाता टेस्ट के लिए टीम में जगह नहीं देने की साफ वजहों का आज तक किसी को कुछ पता नहीं।
आराम को किया दरकिनार
आईसीसी वर्ल्ड कप की समाप्ति के बाद से भारतीय टीम के दो खेमों की बंटने की आ रही लगातार खबरों के बीच टीम इंडिया वेस्ट इंडीज दौरे के लिए रवाना होने को तैयार है। पहले खबर यह आई थी कि लगातार क्रिकेट खेल रहे विराट कोहली ब्रेक लेते हुए इस दौरे पर नहीं जाएंगे, लेकिन फिर जब टीम का चयन हुआ तो टीम की कमान उन्हीं के हाथ में थी।
सूत्रों ने कहा कि कोहली आराम के मूड में थे, लेकिन वह जानते थे कि उनकी अनुपस्थिति में रोहित को टीम की कमान सौंपी जाएगी और वह फिलहाल ऐसा नहीं चाहते थे और इस वजह से उन्होंने टी20 और वनडे सीरीज के लिए भी खुद को चयन के लिए उपलब्ध बताया।
बहुत रहा है याराना
रोहित और विराट के बीच आज जो भी स्थिति हो, लेकिन इनका ‘भूत’ काफी दोस्ताना रहा है। एक समय था जब एक ही मैनेजमेंट कंपनी इन दोनों के कामकाज को देखती थी। वह कंपनी चलाने वाले शख्स का नाम बंटी सजदेह है जोकि रिश्ते में रोहित के साले हैं। बंटी की बहन रितिका के साथ ही रोहित ने 2015 में शादी रचाई थी। कुछ महीनों बाद विराट कोहली भी अनुष्का के साथ विवाह बंधन में बंध गए।
भले ही आज रोहित द्वारा विराट और अनुष्का को सोशल मीडिया पर अनफॉलो करने की खबरें आ रही हैं शादी के बाद इन दोनों कपल्स ने सोशल मीडिया पर एक दूसरे के प्रति जमकर प्यार दिखाया और बरसाया।
इंग्लैंड दौरे से पैदा हुई दरार! विराट और रोहित के रिश्तों में टकराव तब शुरू हुआ, जब साउथ अफ्रीका के दौरे के बाद 2018 में इंग्लैंड दौरे पर रोहित को टेस्ट टीम में जगह नहीं मिली। रोहित ने इस पर अपनी नाखुशी भी जाहिर की। उनके अनुसार कई और लोगों ने भी साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया लेकिन बली का बकरा उन्हें ही बनाया गया। हालांकि तब भी कप्तान और उपकप्तान के बीच तनाव जैसी कोई स्थिति नहीं थी।