Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

सुशील कुमार के वज़न वर्ग में होगा घमासान

नयी दिल्ली
भारतीय कुश्ती महासंघ टोक्यो ओलंपिक के लिये पहली क्वालिफाइंग प्रतियोगिता विश्व चैंपियनशिप के लिये चयन ट्रायल आयोजित करेगा और इसमें दो बार के ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार के 74 किग्रा वर्ग में जगह बनाने के लिये घमासान होगा। भारतीय कुश्ती महासंघ ने शनिवार को बताया कि कजाखिस्तान में होने वाली विश्व चैंपियनशिप टोक्यो ओलंपिक के लिये पहली क्वालिफाइंग प्रतियोगिता है और इसके लिये विभिन्न वज़न वर्गों के ट्रायल आयोजित किये जाएंगे। हरियाणा के सोनीपत में 26 जुलाई को फ्री स्टाइल वर्ग के ट्रायल में 57, 65, 74, 86, 97 और 125 किग्रा के मुकाबले होंगे।

भारत के लिये 2008 के बीजिंग ओलम्पिक के कांस्य पदक और 2012 के लंदन ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाले सुशील इस समय रूस में ट्रेनिंग कर रहे हैं। अभी यह साफ नहीं है कि वह 26 जुलाई के ट्रायल में हिस्सा ले पाएंगे या नहीं। हालांकि कुश्ती महासंघ ने कहा है कि यदि सुशील ट्रायल में हिस्सा लेना चाहते हैं तो ले सकते हैं। सुशील अदालती विवाद के कारण 2016 के रियो ओलंपिक में हिस्सा नहीं ले पाये थे। सुशील के वजन वर्ग में इस समय प्रवीण राणा, अमित धनखड़ और जितेन्द्र अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। इसलिये यह माना जा रहा है कि इस वज़न वर्ग से विश्व चैंपियनशिप में जाने के लिये सबसे अधिक घमासान होगा। रियो ओलंपिक से पहले नरसिंह यादव ने विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर देश को ओलंपिक कोटा दिलाया था। लेकिन बाद में सुशील ने नरसिंह से ट्रायल मांगा और फिर यह मामला अदालत में चला गया।

कुश्ती महासंघ ने इस मामले में नरसिंह का समर्थन किया और नरसिंह बकायदा रियो भी चले गये। लेकिन वहां उनके डोप टेस्ट में दोषी होने की बात सामने आयी और उनपर चार वर्ष का प्रतिबंध लग गया। रियो में भारत के लिये 74 किग्रा वर्ग का स्थान खाली रहा और इसमें कोई पहलवान उतर नहीं सका। महिला कुश्ती के ट्रायल 28 जुलाई को लखनऊ में होंगे जिसमें 50, 53, 57, 62, 68 और 76 किग्रा के मुकाबले होंगे। महासंघ ने बताया कि चयन प्रक्रिया में दो किग्रा वज़न की छूट दी जाएगी और वजन ट्रायल से एक दिन पूर्व लिया जाएगा। महासंघ ने साथ ही बताया कि जिन पहलवानों का चयन राष्ट्रीय शिविर के लिये हुआ है लेकिन वह शिविर में आज तक शामिल नहीं हुये उन्हें ट्रायल में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। महासंघ के अनुसार विश्व प्रतियोगिता के गैर ओलंपिक चार चार वजनों की चयन प्रक्रिया बाद में आयोजित होगी।