Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

एशेज के लिये उस्मान ख्वाजा के फिट होने की उम्मीद: पेन

मेलबोर्न
आस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन ने शीर्ष क्रम के बल्लेबाज़ उस्मान ख्वाजा के एक अगस्त से शुरू होने जा रही एशेज़ सीरीज के बर्मिंघम में पहले मुकाबले तक फिट होने की उम्मीद जताई है। विश्वकप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में ख्वाजा को हैमस्ट्रिंग चोट लग गयी थी। हालांकि पेन ने ख्वाजा की चोट को लेकर लगायी जा रही अटकलों पर विराम लगाते हुये उनके पहले मैच तक ठीक होने की उम्मीद जताई है तथा उनके टीम में उपलब्ध रहने का भी भरोसा व्यक्त किया है। इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया के बीच प्रतिष्ठित एशेज़ सीरीज़ एक अगस्त से 16 सितंबर तक खेली जानी है। इंग्लैंड की मेज़बानी में सीरीज़ का पहला मैच बर्मिंघम के एजबस्टन में खेला जाएगा।        

आस्ट्रेलियाई कप्तान ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि ख्वाजा पहले एशेज़ टेस्ट से बाहर रहेंगे। वह रिहैब प्रक्रिया से गुज़र रहे हैं और अभी हम यह निर्णय नहीं कर सकते कि वह नहीं खेलेंगे। अभी संभावना है कि यदि किसी और को चोट लग जाती है तो ख्वाजा उसकी जगह मौजूद रहेंगे। लेकिन मुझे भरोसा है कि वह पहले टेस्ट के लिये उपलब्ध होंगे। क्रिकेट आस्ट्रेलिया(सीए) के मुताबिक आस्ट्रेलिया की टीम के बीच चार दिवसीय मैच के दौरान भी ख्वाजा ने अभ्यास किया था। उन्होंने नेट पर बल्लेबाज़ी का अभ्यास करने के अलावा काफी भाग दौड़ भी की। ख्वाजा ने विश्वकप की शुरूआत काफी अच्छी की थी और न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले मैच में 88 रन बनाये थे लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वह 18 रन ही बना पाये थे।