Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

बांग्लादेश के खिलाफ मैच में रोहित शर्मा ने बनाए ये बड़े कीर्तिमान, इस मामले में धोनी को छोड़ा पीछे

खेल डेस्क। भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा का विश्व कप में शानदार प्रदर्शन बांग्लादेश के खिलाफ भी जारी रहा। इस मुकाबले में शतकीय पारी खेल रोहित शर्मा ने कई उपलब्धियां अपने नाम दर्ज करवा ली है।

विश्व कप: बांग्लादेश पर जीत के साथ भारत लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में

रोहित ने आईसीसी विश्व कप के एक टूर्नामेंट में चार शतक लगाने के श्रीलंका के कुमार संगकारा के विश्व कीर्तिमान की बराबरी कर ली है। इस मैच में रोहित शर्मा ने केवल 92 गेंदों पर 104 रन की शतकीय पारी खेली। इस पारी में उन्होंने सात चौके और पांच छक्के लगाए।

रोहित ने मोसादेक हुसैन पर पारी के अपने चौथे छक्के के साथ वनडे में भारत की ओर से सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इस मामले में उन्होंने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ा। सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा अभी तक 230 छक्के लगा चुके हैं, जबकि महेन्द्र सिंह धोनी ने क्रिकेट के इस फॉर्मेट में 228 छक्के लगाए हैं। इस मामले में विश्व रिकॉर्ड पाकिस्तान के शाहिद आफरीदी के नाम दर्ज है। जिन्होंने वनडे में 351 छक्के लगाए हैं।

विश्वकप के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा, इस क्रिकेटर का साकार हुआ सपना

इसके साथ ही रोहित इंग्लैंड में खेले जा रहे इस विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर (516) को पछाडक़र सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित के अब इस विश्वकप में 544 रन हो गए हैं।

इसके साथ ही रोहित शर्मा एक विश्व कप में 500 से ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने 1996 और 2003 के विश्व कप में ये उपलब्धि हासिल की थी। अब तक विश्वकप में पांच शतक लगा चुके रोहित शर्मा के पास ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग और श्रीलंका के कुमार संगकारा को पीछे छोडऩे का मौका होगा। इन दोनों क्रिकेटरों के नाम भी पांच-पांच शतक दर्ज है।