दुबई।
कप्तान विराट कोहली और टीम इंडिया ने आईसीसी की जारी ताज़ा टेस्ट रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की मेंस टेस्ट रैंकिंग में भारतीय कप्तान विराट कोहली 922 रेटिंग अंकों के साथ शीर्ष बल्लेबाज हैं। भारत टीम रैंकिंग में 113 रेटिंग अंकों के साथ पहले स्थान पर बरकरार है। न्यूजीलैंड की टीम 111 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे और दक्षिण अफ्रीका 108 रेटिंग अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। विश्व चैंपियन इंग्लैंड 105 रेटिंग अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया 98 रेटिंग अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है।
बल्लेबाजी ने विराट पहले और विलियमसन दूसरे स्थान पर
बल्लेबाज़ी रैंकिंग में विराट कोहली के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन 913 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे और भारत के चेतेश्वर पुजारा 881 रेटिंग अंकों के साथ तीसरे नंबर पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के स्टीवन स्मिथ 857 रेटिंग अंकों के चौथे तथा न्यूजीलैंड के हैनरी निकोल्स 778 रेटिंग अंकों के साथ पांचवें नंबर पर हैं। डेविड वॉर्नर छठे और जो रूट सातवें पायदान पर हैं। शीर्ष 10 में आखिरी तीन स्थानों पर क्रमश: दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों एडेन मार्करम, क्विंटन डि कॉक और फैफ डु प्लेसी का कब्जा है।
कमिंस दुनिया के No. 1 गेंदबाज, होल्डर No. 1 ऑलराउंडर
गेंदबाजों की रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस 878 रेटिंग अंकों के साथ शीर्ष पर बरकरार हैं। दूसरे स्थान पर 853 अंकों के साथ इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन हैं। कगीसो रबाडा 851 रेटिंग अंकों के साथ तीसरे और उनके हमवतन वर्नोन फिलैंडर 813 रेटिंग अंकों के साथ चौथे स्थान पर हैं। न्यूजीलैंड के नील वैग्नर 801 रेटिंग अंकों के साथ पांचवें स्थान पर हैं। ऑलराउंडरों की सूची में वेस्ट इंडीज के कप्तान जेसन होल्डर 439 रेटिंग अंकों के साथ पहले, बांग्लादेश के ऑलराउंड शाकिब अल हसन 399 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे और भारत के रविंद्र जडेजा 387 रेटिंग अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स 350 रेटिंग अंकों के साथ चौथे नंबर पर हैं। पांचवें नंबर पर 326 रेटिंग अंकों के साथ दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज वर्नोन फिलैंडर हैं।