लाइव सिटीज, सेंट्रल डेस्कः भारत के लिए आज अहम दिन है. आईसीसी वर्ल्ड कप के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में आज टीम इंडिया का सामना न्यूजीलैंड की टीम से होगा. प्वाइंट टेबल में नंबर एक पर काबिज टीम इंडिया इस समय बेहद मजबूत नजर आ रही है. वहीं, न्यूजीलैंड की टीम को भी कम नहीं आंका जा सकता.
यह मैच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला जाएगा. टीम इंडिया की नजर चौथी बार फाइनल में जगह बनाने पर होगी. दूसरी ओर न्यूजीलैंड की टीम लगातार दूसरे वर्ल्ड कप में फाइनल खेलना चाहेगी. पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खिताबी मुकाबला हारने वाली कीवी टीम के लिए भारत को हराना आसान नहीं होगा.
टीम इंडिया को इस मैच में जीत हासिल करनी है तो विराट ब्रिगेड को न्यूजीलैंड की तिकड़ी से पार पाना होगा. ये तीन खिलाड़ी हैं, लॉकी फर्ग्यूसन, ट्रेंट बोल्ट और जिमी नीशाम. इन तीनों खिलाड़ियों ने अपनी गेंद की धार से पूरे वर्ल्ड कप में बल्लेबाजों को परेशान किया है.
मैनचेस्टर में दोनों टीमें 44 साल बाद आमने-सामने होंगी. पिछली बार 1975 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड ने भारत को 4 विकेट से हराया था. इसके बाद इंग्लैंड के मैदान पर दोनों टीमों के बीच दो और वनडे खेले गए. दोनों मुकाबलों में न्यूजीलैंड की टीम ही सफल रही. 1999 में नॉटिंघम में भारत 5 विकेट और 1979 में लीड्स के हेडिंग्ले में 8 विकेट से हारा था.
बोल्ट 440 वोल्ट का भी करंट मार सकते हैं. इस टूर्नामेंट में बोल्ट के नाम 15 विकेट हैं. इतने ही खूंखार हैं निशाम. इस टूर्नामेंट में अबतक वो 11 विकेट ले चुके हैं. इनका औसत भी सिर्फ 18 का है और इकोनॉमी महज 5 की. इन दो से बचे तो लॉकी फर्ग्यूसन अपनी जाल में फंसाने के लिए तैयार रहते हैं. डेथ ओवरों में लॉकी फर्ग्यूसन का कोई सानी नहीं.
The post ICC World Cup 2019 : भारत-न्यूजीलैंड का मैच आज, आसान नहीं होगा महामुकाबला appeared first on Live Cities.