Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

PKL 2019: दबंग दिल्ली की विजयी शुरुआत, तेलुगू टाइटंस की तीसरी हार

हैदराबाद    
दबंग दिल्ली ने प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के सातवें सीजन के अपने पहले मैच में बुधवार को तेलुगू टाइटंस को बेहद रोमांचक अंदाज में 34-33 से हराकर लीग में अपनी विजयी शुरूआत की। तेलुगू टाइटंस की यह लगातार तीसरी हार है।

यहां गचीबावली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले के पहले हाफ में रोमांच का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों टीमें तीन बार बराबर-बराबर के स्कोर पर थीं।

20वें मिनट के आखिरी समय में भी दोंनों टीमें 12-12 से बराबरी पर थीं, लेकिन नवीन कुमार ने दिल्ली को एक अंक दिलाकर पहले हाफ की समाप्ति पर उसे 13-12 तक पहुंचा दिया।
 
दूसरे हाफ में भी रोमांच अपनी चरम सीमा पर था जब दिल्ली सातवें मिनट में 22-21 से, 18वें मिनट में 33-31 से और अंतिम मिनट में 34-32 से आगे थी।

मैच समाप्त होने से कुछ सेकेंड पहले ही बाहुबली के नाम से मशहूर तेलुगू टाइटंस के सिद्धार्थ देसाई ने एक अंक लेकर टीम को मैच हारने से बचाने की कोशिश की। लेकिन बाहुबली की यह कोशिश काम न आ सकी और दिल्ली ने एक अंक से मैच जीत लिया।

विजेता दबंग दिल्ली के लिए नवीन कुमार ने 14 और चंद्रन रंजीत ने छह अंक हासिल किए। टीम ने रेड से 23, टैकल से सात, आलआउट से दो और दो अतिरिक्त अंक भी बटोरे।

तेलुगू टाइटंस के लिए सूरज देसाई ने 18 और सिद्धार्थ देसाई ने आठ अंक लिए। तेलुगू को रेड से 27 और टैकल से छह अंक मिले।