Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

विराट कोहली की बादशाहत खतरे में, स्टीव स्मिथ बन सकता है नंबर-1

नई दिल्ली

टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली की आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में बादशाहत दांव पर है. कोहली फिलहाल दुनिया के नंबर एक टेस्ट बल्लेबाज हैं. हाल ही में आईसीसी द्वारा जारी की गई ताजा टेस्ट रैंकिंग में विराट कोहली नंबर 1 पर बरकरार हैं, जबकि स्टीव स्मिथ नंबर 4 से नंबर 2 पर पहुंच गए.

विराट कोहली 910 रेटिंग अंकों के साथ आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नंबर 1 पर बने हुए हैं, वहीं स्टीव स्मिथ 904 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं. बॉल टेंपरिंग मामले में एक साल बाद वापसी करने पर स्टीव स्मिथ ने कोहली और अपने बीच के अंतर को बहुत कम कर दिया है.  

स्टीव स्मिथ अब कोहली के लिए खतरा बन गए हैं और पूरी संभावना है कि वह विराट कोहली से नंबर एक बल्लेबाज का ताज छीन सकते हैं. स्मिथ आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में कोहली से सिर्फ 6 अंक पीछे हैं. विराट कोहली की बात करें तो वह वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में अब तक 136 रन ही बना पाए हैं. एंटिगा टेस्ट में कोहली ने 9 और 51 रन बनाए. फिर जमैका में जारी दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में उन्होंने 76 रन बनाए.

लगातार दो अर्धशतक कोहली की नंबर 1 रैंकिंग को बरकरार रखने के लिए मददगार हो सकते हैं, लेकिन स्मिथ का शानदार प्रदर्शन जारी रहा तो वह कोहली को दूसरे नंबर पर धकेल सकते हैं. कोहली को अब सिर्फ जमैका टेस्ट में एक पारी और मिलेगी. वहीं स्टीव स्मिथ को एशेज सीरीज में दो टेस्ट मैच और खेलने का मौका मिलेगा. स्मिथ के पास नंबर 1 पर पहुंचने का सुनहरा मौका है, क्योंकि उन्हें 4 सितंबर से मैनचेस्टर और 12 सितंबर से ओवल में शुरू हो रहे टेस्ट मैच खेलने को मिलेंगे.

एशेज सीरीज के पहले टेस्ट मैच की दोनों इनिंग में स्मिथ ने 144 और 142 रनों की शतकीय पारी खेली, लेकिन दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में स्मिथ को इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की बाउंसर गेंद के लगने से टीम से बाहर जाना पड़ा. उस मैच में भी स्मिथ ने 92 रनों की पारी खेली लेकिन दूसरी इनिंग में वह बल्लेबाजी करने नहीं आ सके. जबकि तीसरे मैच की प्लेइंग इलेवन से बाहर वह बाहर हो गए थे. स्टीव स्मिथ ने एशेज सीरीज के 2 टेस्ट मैचों में 378 रन बनाए हैं.