Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

लॉडरहिल टी-20: लो स्कोरिंग मैच में भारत ने विंडीज को 4 विकेट से हराया

फ्लोरिडा
भारत ने तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में वेस्ट इंडीज को 4 विकेट से हरा दिया। फ्लोरिडा के सेंट्रल ब्रोवार्ड रीजनल पार्क स्टेडियम टर्फ ग्राउंड, लॉडरहिल में खेले गए इस मुकाबले में विंडीज की टीम ने टॉस हरने के बाद पहले बल्लेबाजी का न्योता पाने पर निर्धारित 20 ओवरों में सिर्फ 95 रन बनाए। जिसके जवाब में भारत ने 17.2 ओवरों में 6 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। रवींद्र जडेजा 10 और वाशिंगटन सुंदर 8 रन बनाकर नाबाद लौटे। सुंदर ने छक्के से भारत को जीत दिलाई।

इससे पहले भारतीय गेंदबाजों ने विंडीज को सिर्फ 95 रन के स्कोर पर रोक दिया। अपना डेब्यू मैच खेल रहे नवदीप सैनी ने अपने 4 ओवर के कोटे में 1 मेडन रखते हुए 17 रन देकर 3 विकेट झटके। सैनी ने विंडीज की पारी का आखिरी ओवर मेडन डाला। भुवी ने 4 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट लिए। क्रुणाल पांड्या ने 4 ओवर में 1 मेडन रखते हुए 20 रन देकर 1 विकेट, रवींद्र जडेजा ने 4 ओवर में 1 मेडन रखते हुए 1 विकेट और खलील अहमद ने 2 ओवर में 8 रन देकर 1 विकेट लिया। वाशिंगटन सुंदर ने 2 ओवर में 18 रन दिए और उन्हें 1 विकेट मिला।

वेस्ट इंडीज के गेंदबाजों ने भी भारत को इतनी आसानी से नहीं जीतने दिया और 6 विकेट आउट कर दिए। भारत की ओर से रोहित शर्मा ने सर्वाधिक 24 रन बनाए। अंगुली की चोट से उबरने के बाद वापसी कर रहे शिखर धवन सिर्फ 1 रन बना सके। ऋषभ पंत तो अपना खाता भी नहीं खोल सके और पहली गेंद पर ही कैच दे बैठे। विराट कोहली 19 रन बनाकर आउट हुए। मनीष पांडे ने भी 19 रन का योगदान दिया। क्रुणाल पांड्या 12 रन बनाकर आउट हुए। विंडीज के लिए शेल्डन कॉटरेल, कीमो पॉल और सुनील नरेन ने  2-2 विकेट झटके। इस सीरीज का दूसरा मुकाबला 4 अगस्त को इसी मैदान पर शाम 8 बजे से खेला जाएगा।

वेस्ट इंडीज: जॉन कैम्पबेल, इविन लुईस, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, कीरन पोलार्ड, रोवमैन पॉवेल, कार्लोस ब्रैथवेट (कप्तान), सुनील नरेन, कीमो पॉल, शेल्डन कॉटरेल, ओशाने टॉमस।

भारत : शिखर धवन, रोहित शर्मा, विराट कोहली (कप्तान), मनीष पांडे, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), क्रुणाल पांड्या, रवींद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार, वाशिंगटन सुंदर, नवदीप सैनी, के खलील अहमद।