Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

विराट कोहली बोले- हम अभी 2023 वर्ल्ड कप के बारे में नहीं सोच रहे

नई दिल्ली

वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज में क्लीप स्वीप करने के बाद भारत के कप्तान विराट कोहली ने कहा कि उनकी टीम अगले वर्ल्ड कप के बारे में नहीं सोच रही. साल 2023 में 50 ओवर का वर्ल्ड कप भारत में ही होगा और कोहली ने माना कि उनका पूरा ध्यान लगातार बेहतर प्रदर्शन करने पर केंद्रित है.

कोहली ने कहा, 'हम 2023 वर्ल्ड कप के बारे में नहीं सोच रहे, वह अभी बहुत दूर है. हमारी प्राथमिकता हमेशा वर्ल्ड क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने पर रही है और पिछले तीन-चार वर्षों में हम ऐसा करने में कामयाब हो पाए हैं. हम दुनिया में दूसरे नंबर पर हैं और इसका एक अच्छा कारण है. कभी-कभी, हम शीर्ष स्थान पर भी गए हैं.'

कोहली ने कहा, 'आप वास्तव में वर्ल्ड कप के बारे में 12 महीने पहले योजना बनाना शुरू करते हैं. प्राथमिकता भारतीय क्रिकेट को शीर्ष पर रखना, लगातार क्रिकेट खेलना और मैच जीतना है. इसलिए हम दुनिया की शीर्ष टीमों में से एक हैं.' वेस्टइंडीज पर मिली सात विकेट की जीत में युवा बल्लेबाज ऋषभ पंत ने अहम भूमिका निभाई और शानदार अर्धशतक जड़ा.

कप्तान ने पंत की तारीफ करते हुए कहा, 'सीरीज में पंत का प्रदर्शन अच्छा रहा. पहले दो मैचों के लिए वह निराश थे कि उन्होंने रन नहीं बनाए. वह वास्तव में अच्छा खेल रहे थे, गेंद को अच्छी तरह से मार रहे थे लेकिन यही टी-20 क्रिकेट है और कभी-कभी ऐसा होता है.'

कोहली ने कहा, 'लेकिन आज उन्होंने अपनी स्किल का अच्छा उपयोग किया, जब जरूरत थी तब बड़े शॉट खेले और पारी की लय के मुताबिक खेला. बल्लेबाजी कोच ने उन्हें संदेश दिया था कि मैच जिता कर लाओ और उन्होंने वही किया.' दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत गुरुवार से होगी.