खेल डेस्क। सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (67 रन) की रिकॉर्ड पारी की सहायता से भारत ने वेस्टइंडीज को दूसरे टी-20 मुकाबले में डकवर्थ लुइस नियम के तहत 22 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अपराजेय बढ़त बना ली।
ग्लोबल टी-20 लीग में फिर आया गेल तूफान, इस पाकिस्तानी गेंदबाज के एक ओवर में बना डाले इतने रन
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 167 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। इसके जवाब में जब वेस्टइंडीज ने 15.3 ओवर में चार विकेट पर 98 रन बना लिए थे, उसी समय खराब मौसम के कारण खेल रोकना पड़ा। इसके बाद मैच पूरा नहीं होने के कारण भारत ने डकवर्थ लुइस नियम के तहत 22 रन से जीत हासिल की। इस समय इस नियम के तहत स्कोर 120 रन था।
कप्तान विराट कोहली ने ऋषभ पंत के करियर के बारे में बोल दी ये बड़ी बात
इससे पहले रोहित शर्मा ने अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान टी-20 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का क्रिस गेल का विश्व कीर्तिमान ध्वस्त किया। रोहित ने 51 गेंदों में छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 67 रन बनाए। रोहित के अब क्रिकेट के इस फॉर्मेट में 107 छक्के हो गए हैं। जबकि क्रिस गेल के नाम 105 छक्के दर्ज हैं।
इस पारी के दौरान रोहित ने टी-20 में 2400 रन पर भी पूरे कर लिए हैं। वह ये उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित के अब 96 मैचों में 2422 रन हो गए हैं। भारतीय टीम की ओर से ओपनर शिखर धवन ने 23 रन, विराट कोहली ने 28, मनीष पांडेय ने छह, क्रुणाल पांड्या ने नाबाद 20 रन और रवींद्र जडेजा ने नाबाद नौ रन बनाए।