एंटीगा
भारत ने एंटीगा टेस्ट मैच में वेस्ट इंडीज को 318 रन से हराकर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। भारत ने वेस्ट इंडीज के सामने जीत के लिए 419 रनों का लक्ष्य रखा, जिसका पीछा करते हुए कैरिबियन टीम मैच के चौथे ही दिन सिर्फ 100 रनों पर ढेर हो गई। विदेशी धरती पर टेस्ट क्रिकेट में रनों के लिहाज से यह भारत की सबसे बड़ी जीत है। वेस्ट इंडीज की टीम ने अपनी दूसरी पारी में एक समय तो सिर्फ 50 रन पर अपने 9 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन कीमर रोच और मैगुएल कमिंस ने आखिरी विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी कर भारत की जीत को थोड़ा लंबा टाल दिया।
कीमर रोच 38 रन बनाकर आखिरी विकेट के रूप में आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 31 गेंदों का सामना किया और 1 चौके के अलावा 5 छक्के जड़े। भारत के लिए विंडीज की दूसरी पारी में जसप्रीत बुमराह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 ओवर में 3 मेडन के साथ 7 रन देकर 5 विकेट झटके। उनके अलावा इशांत शर्मा ने 9.5 ओवर में 1 मेडन के साथ 31 रन देकर 3 विकेट और मोहम्मद शमी ने 5 ओवर में 3 मेडन के साथ 13 रन देकर 2 विकेट चटकाए। बुमराह और इशांत ने विंडीज की दूसरी पारी को शुरुआत में ही झकझोर दिया। इन दोनों ने मिलकर 37 रन पर ही विंडीज के 7 विकेट आउट कर दिए थे। उसके मोहम्मद शमी ने बचा खुचा काम पूरा कर दिया।
How good was that session for #TeamIndia – 3 wickets for Bumrah & 2 for Ishant – WI 15/5 at Tea #WIvIND pic.twitter.com/LZEPsAKfgi
— BCCI (@BCCI) August 25, 2019
इससे पहले भारत ने अपनी दूसरी पारी 7 विकेट पर 343 रन बनाकर घोषित कर दी। भारत के पास पहली पारी के आधार पर 75 रनों की बढ़त थी। दूसरी पारी में अजिंक्य रहाणे ने शानदार 102 रन बनाए। यह उनके टेस्ट करियर का 10वां शतक था। इसके लिए उन्होंने 242 गेंदों का सामना किया और 5 चौके लगाए। उनके अलावा हनुमा विहारी ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 128 गेंदों में 10 चौकों और 1 छक्के की मदद से 93 रन बनाए। विराट कोहली 51 रन बनाकर आउट हुए। वेस्ट इंडीज के लिए भारत की दूसरी पारी में रोस्टन चेज ने 4 विकेट लिए। कीमर रोच, शैनन गैब्रिएल और जेसन होल्डर के हाथ 1-1 सफलता लगी।
भारत ने अपनी पहली पारी में 297 रन बनाए, जिसके जवाब में वेस्ट इंडीज की पहली पारी 222 रन पर सिमट गई। विंडीज की पहली पारी में भारत के लिए इशांत शर्मा ने 5 विकेट चटकाए। इस तरह उन्होंने मैच में कुल 8 विकेट हासिल किए। विंडीज की पहली पारी में मोहम्मद शमी ने 2 और रवींद्र जडेजा ने भी 2 विकेट लिए। बुमराह को 1 विकेट मिला था। इस तरह शमी ने मैच में कुल 4 और बुमराह ने 6 विकेट झटके। भारत की पहली पारी में अजिंक्य रहाणे ने 81 रन बनाए। उनके अलावा रवींद्र जडेजा ने 58 और केएल राहुल ने 44 रनों का योगदान दिया। विंडीज के लिए भारत की पहली पारी में कीमर रोच ने 4, शैनन गैब्रिएल ने 3, रोस्टन चेज ने 2 और जेसन होल्डर ने 1 विकेट लिया। इस तरह मैच में चेज ने कुल 6, रोच ने 5, गैब्रिएल ने 4 और होल्डर ने 2 विकेट लिए।