नई दिल्ली
क्रिस गेल जब पूरे रंग में हों, तो उन्हें रोकना मुश्किल होता है. 39 साल का यह कैरेबियाई धुरंधर इन दिनों कनाडा में खेली जा रही ग्लोबल टी-20 लीग में तूफानी बल्लेबाजी कर रहा है. शुक्रवार को कनाडा के ब्रैम्पटन मैदान पर गेल ने वैंकुवर नाइट्स की ओर से खेलते हुए एडमोन्टन रॉयल्स के खिलाफ महज 44 गेंदों में 94 रनों की धमाकेदार पारी खेली.
क्रिस गेल ने एडमोन्टन रॉयल्स के पाकिस्तानी गेंदबाज शादाब खान के एक ओवर में चार छक्के और दो चौके की मदद से 32 रन लूटे. शादाब खान पारी का 13वां ओवर फेंकने आए. फिर क्या था, गेल ने 20 साल के इस लेग स्पिनर की पहली दो गेंदों पर लगातार छक्के के बाद दो लगातार चौके जमाए और इसके बाद बाकी दो गेंदों पर फिर दो छक्के जड़ दिए.
शादाब का ओवर समाप्त होने तक गेल की टीम को 42 गेंदों पर 27 रन ही चाहिए थे. गेल हालांकि आगे कुछ नहीं कर पाए, वह 44 गेंदों पर 94 रन बनाकर बेन कटिंग की गेंद पर आउट हो गए. अपनी पारी में उन्होंने छह चौके और नौ छक्के उड़ाए.
रॉयल्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 9 विकेट पर 165 रनों का स्कोर बनाया था. जवाब में गेल की ताबड़तोड़ पारी की मदद से नाइट्स ने 16.3 ओवरों में ही चार विकेट पर 166 रन बना मैच जीत लिया.
गेल इस टूर्नामेंट में लगातार दूसरा शतक जमाने से चूक गए. इससे पहले वाली पारी में उन्होंने नाबाद 122 रन बनाए थे. इस टूर्नामेंट में गेल 4 मैचों में 273 रन बनाकर टॉप पर हैं.