Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

श्रेयस अय्यर ने नंबर-4 के लिए ठोका दावा, ऋषभ पंत ने गंवाया बड़ा मौका

 
नई दिल्ली 

वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने 68 गेंदों में 71 रनों की शानदार पारी खेली. अय्यर ने अपनी इस पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया.

इस मैच में श्रेयस अय्यर पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे. श्रेयस अय्यर का स्ट्राइक रेट भी 100 से ज्यादा का था. अय्यर ने अपनी इस पारी में दिखाया कि वह टीम इंडिया में नंबर 4 पर बैटिंग की समस्या को सुलझा सकते हैं.

वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में ऋषभ पंत को नंबर 4 पर बल्लेबाजी का मौका दिया गया था, लेकिन वह सिर्फ 20 रन बनाकर आउट हो गए. जिसके बाद अब टीम मैनेजमेंट अय्यर को इस नंबर पर मौका दे सकती हैं.

टीम इंडिया के लिए नंबर 4 पर बैटिंग करते हुए अय्यर कई मुश्किलें आसान कर सकते हैं. अय्यर ने भारत के लिए अभी तक आठ वनडे मैच खेले हैं. एक साल बाद टीम में वापसी कर रहे अय्यर ने कहा, 'मेरे लिए एक युवा खिलाड़ी के रूप में एक साल बाद वापसी करते हुए टीम में अपनी जगह पक्की करना बहुत महत्वपूर्ण है.'

अय्यर ने कहा, 'जब आपको टीम में अपनी जगह पक्की करनी होती है तब आपको मौके की तलाश होती है, और मुझे लगता है कि इस बार मुझे मौका मिलेगा और मैं इसका उपयोग करूंगा.'

वर्ल्ड कप के बाद से भारतीय टीम को नंबर-4 बल्लेबाज के बारे में चर्चा करने का मौका नहीं मिला. अय्यर का कहना है कि टीम प्रयोग करेगी और कई बल्लेबाजों को मौका देगी.

अय्यर ने कहा, 'यह पूरी तरह से मैनेजमेंट का फैसला है कि वह मुझे कहां खिलाना चाहते हैं. जाहिर तौर पर नंबर चार की जगह खाली है और वे युवाओं को मौका देना चाहते हैं. अभी उस पायदान पर किसी की जगह पक्की नहीं है.'

उन्होने कहा, 'व्यक्तिगत रूप से मैं केवल चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के बारे में नहीं सोच रहा हूं. मैं ऐसा खिलाड़ी बनना चाहता हूं जो किसी भी नंबर पर बल्लेबाजी कर सके या आप किसी भी स्थिति में हों तो आप उस मौके का फायदा उठा पाएं.'