Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

वेस्टइंडीज पर भारी पड़े कोहली-भुवी, भारत 59 रनों से जीता

 
नई दिल्ली     

भारत ने वेस्टइंडीज से दूसरा वनडे मैच 59 रनों (D/L method) से जीत लिया है. पोर्ट ऑफ स्पेन के क्वींस पार्क ओवल में वर्षा प्रभावित मुकाबले में 46 ओवरों में 270 रनों के संशोधित लक्ष्य का पीछा करते हुए कैरेबियाई टीम 42 ओवरों में 210 रन बनाकर सिमट गई. टीम इंडिया की ओर से पेसर भुवनेश्वर कुमार ने सर्वाधिक 4 विकेट चटकाए, जबकि कुलदीप यादव और मो. शमी को 2-2 सफलताएं मिलीं. शतकवीर विराट कोहली मैन ऑफ द मैच रहे. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 50 ओवरों में 279/7 का स्कोर बनाया था. इसके साथ ही तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारत ने 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. पहला मैच बेनतीजा रहा था. सीरीज का तीसरा और आखिरी वनडे 14 अगस्त को खेला जाएगा.

भारत ने ऐसे समेटी वेस्टइंडीज की पारी

मेजबान टीम की शुरुआत धीमी रही. 10वें ओवर की तीसरी गेंद पर क्रिस गेल 11 के निजी स्कोर पर भुवनेश्वर का शिकार हो गए. हालांकि गेल यहां एक रिकॉर्ड अपने नाम कर ले गए. गेल ने इस मैच में वेस्टइंडीज के लिए वनडे में सबसे ज्यादा रन (10408) बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर ब्रायन लारा (10405) को पीछे छोड़ दिया.

गेल के बाद शाई होप सिर्फ छह रन बनाकर खलील अहमद का शिकार हो गए. दूसरे सलामी बल्लेबाज इविन लुइस ने पहले शिमरॉन हेटमेयर (18) के साथ तीसरे विकेट के लिए 40 रनों की साझेदारी की और इसके बाद निकोलेस पूरन के साथ 56 रन की जोड़े. इन दोनों साझेदारियों को कुलदीप यादव ने तोड़ा.

कुलदीप ने पहले हेटमेयर को 92 के कुल स्कोर पर आउट किया और फिर लुइस को 148 के कुल स्कोर पर पवेलियन भेजा. लुइस ने 80 गेंदों पर आठ चौके एक छक्के की मदद से 65 रन बनाए.

भुवनेश्वर ने पूरन को 179 के कुल स्कोर पर आउट किया और फिर इसी स्कोर पर रोस्टन चेज को पेवलियन की राह दिखा विंडीज की हार तय कर दी. पूरन ने 52 गेंदों पर 42 रन बनाए. चेज ने 18 रनों का योगदान दिया.