Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

पाकिस्तान में डेविस कप मुकाबले को स्थगित करने के लिए एआईटीए ने गिनाए 8 कारण

मुंबई

अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) ने अंतरराष्ट्रीय टेनिस महासंघ (आईटीएफ) की उस चिट्ठी का जवाब दिया है, जिसमें आईटीएफ ने पाकिस्तान में सुरक्षा की स्थिति पर संतोष जताया था. एआईटीए ने अपनी मांग को दोहराते हुए कहा है कि या तो पाकिस्तान में होने वाले डेविस कप मुकाबले स्थगित कर दिए जाएं या फिर किसी तटस्थ देश में शिफ्ट कर दिया जाए. दोनों देशों के बीच सितंबर में पाकिस्तान में डेविस कप मुकाबला होना है.

दोनों देशों के बीच तनाव के मद्देनजर भारतीय खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए एआईटीए ने आईटीएफ बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स को चिट्ठी में दो विकल्पों पर विचार करने के लिए आग्रह किया.

1. डेविस कप के मुकाबले को नवंबर/दिसंबर तक स्थगित कर दिया जाए. उम्मीद है कि स्थिति तब तक स्थिर हो जाएगी. हम समझते हैं कि आईटीएफ ने पहले भी दूसरे देशों के लिए डेविस कप मुकाबलों को लेकर ऐसे फैसले लिए हैं.

2. वर्तमान स्थिति अनुकूल प्रतीत नहीं हो रही है, इसलिए आपके सुरक्षा सलाहकारों की रिपोर्ट पढ़ने के बाद हमारी समझ से 'आईटीएफ बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स' स्वत: ही इस डेविस कप मुकाबले को आईटीएफ के खर्च पर तटस्थ स्थान पर शिफ्ट करने का फैसला ले.

आईटीएफ ने पहले एआईटीए के इस दावे का खंडन किया था कि पाकिस्तान में भारतीय खिलाड़ियों के लिए सुरक्षा जोखिम है. आईटीएफ ने अपनी चिट्ठी में लिखा था, 'हमारे स्वतंत्र सुरक्षा सलाहकार दिन ब दिन के आधार पर जमीनी स्थिति पर नजर रख रहे हैं, लेकिन उन्हें ऐसी कोई जरूरत महसूस नहीं हो रही कि किसी और जगह को जाकर देखा जाए. वे संतुष्ट हैं कि पाकिस्तान टेनिस महासंघ ने सुरक्षा को लेकर जो रणनीति अपनाई है और तैयारियां की हैं, वह आईटीएफ के सख्त दिशानिर्देशों के हिसाब से हैं.'

एआईटीए ने पाकिस्तान में डेविस कप मुकाबले को स्थगित करने के लिए आठ कारण गिनाए हैं.

1. पाकिस्तान ने भारत के साथ राजनयिक संबंधों को डाउनग्रेड कर दिया है.

2. भारतीय उच्चायुक्त को पाकिस्तान छोड़ने के लिए कहा गया है और हमारे पास इस्लामाबाद में अब कोई राजदूत नहीं है.

3. भारत और पाकिस्तान के बीच ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया है.

4. भारत और पाकिस्तान के बीच बस सेवा को भी तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है.

5. पाकिस्तान मीडिया भारत को अनुकूल प्रतिक्रिया नहीं दे रहा है.

6. पाकिस्तान में तनाव का बहुत अंडर करंट है.

7. मीडिया रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि टकराव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.

8. भारतीय विमानों के लिए एयर स्पेस को भी बंद कर दिया गया है.

एक और चिट्ठी में एआईटीए ने आईटीएफ से डेविस कप मुकाबले को वैसे ही स्थगित करने का आग्रह किया है, जैसे 9/11 हमले के दौरान हुआ था. तब भारतीय टीम अमेरिका में थी. आईटीएफ की ओर से अमेरिका में समग्र मनोदशा को देखते हुए निर्णय लिया गया था कि डेविस कप मुकाबले के साथ आगे बढ़ना उचित नहीं होगा.

आईटीएफ ने भारत और अमेरिका के बीच डेविस कप का मैच स्थगित कर दिया था. एआईटीए का कहना है कि वर्तमान स्थिति के मद्देनजर भारत और पाकिस्तान के बीच डेविस कप मुकाबले को दो महीने के लिए स्थगित कर देना चाहिए.