Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

आईटीएफ ने आईटा की दलीलों को स्वीकारा, भारत-पाक डेविस कप टाई दो महीने आगे बढ़ा

नई दिल्ली
अंतरराष्ट्रीय टेनिस संघ (आईटीएफ) ने बड़ा फैसला लेते हुए भारत और पाकिस्तान के बीच इस्लामाबाद में होने वाले एशिया-ओसियाना ग्रुप-1 डेविस कप टाई को नवंबर माह तक आगे बढ़ा दिया है। भारतीय टेनिस संघ (आईटा) की दलीलों को स्वीकार करते हुए आईटीएफ के डेविस कप कमेटी ने स्वतंत्र सुरक्षा सलाहकारों से जांच कराने के बाद यह फैसला लिया है। टाई की नई तिथि की घोषणा नौ सितंबर तक आईटीएफ की ओर से की जाएगी।

हालांकि आईटीएफ ने टाई को तटस्थ स्थान पर कराने का फैसला नहीं लिया है, लेकिन यह जरूर साफ किया है कि दो माह बाद भी सुरक्षा व्यवस्था का जाएजा लिए जाने के बाद ही आयोजन पर फैसला लिया जाएगा। आईटा ने आईटीएफ से 14 व 15 सितंबर को इस्लामाबाद में होने वाले इस टाई को किसी तटस्थ स्थान पर या फिर इसे आगे बढ़ाने की गुजारिश की थी। आईटा ने भारत और पाकिस्तान के बीच बने ताजा हालातों को ध्यान में रखते हुए यह गुहार लगाई थी।

टीम के कप्तान महेश भूपति ने भी आईटा को लिखा था कि सुरक्षा कारणों के चलते खिलाड़ी पाकिस्तान जाने से कतरा रहे हैं।  आईटीएफ ने मामलो को डेविस कप कमेटी को भेज दिया था। जिसने मामले की गंभीरता को समझा और सुरक्षा सलाहकारों की रिपोर्ट के आधार पर इसे आगे बढ़ाने का फैसला लिया। आईटीएफ की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि विशेष परिस्थितियों में यह फैसला लिया गया है। उनके लिए खिलाडिय़ों, आॅफिशियल्स और दर्शकों की सुरक्षा सर्वोपरि है। टाई की नई तिथियां नौ सितंबर तक घोषित की जाएंगी, लेकिन इस दौरान पाकिस्तानन में स्थितियों की समीक्षा जारी रखी जाएगी। डेविस कप कमेटी की ओर से टाई कराने से पहले एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था का जाएजा लिया जाएगा।