खेल डेस्क। पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ के करियर के 25वें शतक की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले एशेज टेस्ट में हैरतअंगेज वापसी करते हुए मैच पर अपनी पकड़ बना ली है। स्टीव स्मिथ ने दूसरी पारी में भी शतक लगाकर कंगारू टीम को 397 रन की बढ़त दिलाई।
स्टीव स्मिथ (142) और मैथ्यू वेड (110) की शतकीय पारी की सहायता से ऑस्ट्रेलिया ने चौथे दिन अपनी दूसरी पारी सात विकेट पर 487 रन पर घोषित की। इससे इंग्लैंड को 398 रन का बेहद मुश्किल लक्ष्य मिला। इस मैच में स्मिथ का यह दूसरा शतक है। इससे पहले उन्होंने पहली पारी में 144 रन की शतकीय पारी खेल ऑस्ट्रेलिया को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया था।
स्टीव स्मिथ ने सबसे तेज 25 शतक लगाने के मामले में एक बार फिर से भारतीय कप्तान विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है। स्मिथ ने 119वीं पारी में ये शतक लगाया। जबकि कोहली ने 127वीं पारी में ये उपलब्धि हासिल की थी।
ये उपलब्धि सबसे तेज सर डॉन ब्रैडमैन (68) ने हासिल की थी। स्मिथ ने सबसे तेज 24 शतक लगाने के मामले में भी कोहली को पीछे छोड़ा था। इसके साथ ही स्मिथ एशेज के एक मैच की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले बल्लेबाजों के क्लब में शामिल हो गए हैं।