खेल डेस्क। दक्षिण अफ्रीका के सबसे सफल गेंदबाज डेल स्टेन ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी। अब दुनिया के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजों में से एक डेल स्टेन अपनी राष्ट्रीय टीम की ओर से केवल एकदिवसीय और टी-20 प्रारूप में खेलते दिखाई देंगे।
डेल स्टेन ने 93 टेस्ट मैचों में 439 विकेट लिए। वह दक्षिण अफ्रीका की ओर से टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। हाल के वर्षों में लगातार चोटों से परेशान रहे डेल स्टेन ने इस साल ही सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने का शॉन पोलक का रिकॉर्ड तोड़ा था। चोट के कारण वह इस साल आईपीएल पूरा नहीं खेल सके थे और इसी कारण वह दक्षिण अफ्रीका की विश्व कप टीम से भी बाहर हो गए थे।
दक्षिण अफ्रीका के तूफानी गेंदबाज डेल स्टेन ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करते हुए कहा कि मैं आज उस खेल को अलविदा कह रहा हूं, जिसे सबसे ज्यादा चाहता हूं। उन्होंने कहा कि उनकी नजर में टेस्ट क्रिकेट इस खेल का सबसे बेहतरीन फॉर्मेट है।डेल स्टेन ने 125 वनडे में 196 और 44 टी-20 मैचों में 61 विकेट लिए हैं।