Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

सेरेना विलियम्स और राफेल नडाल रोजर्स कप के फाइनल में

मॉन्ट्रियल    
दिग्गज टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स और राफेल नडाल ने यहां जारी रोजर्स कप में अपने-अपने वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है। अमेरिका की विलियम्स ने महिला एकल वर्ग के सेमीफाइनल में एक सेट से पिछड़ने के बाद दमदार वापसी करते हुए चेक गणराज्य की मारी बाउजोकोवा को 1-6, 6-3, 6-3 से पराजित किया। विलियम्स ने अपने करियर में पांचवीं बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई है।

23 बार की ग्रैंड स्लैम विजेता फाइनल में अब बिआन्का एंड्रेस्कू से भिड़ेगी। विलियम्स केवल एक बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में हारी हैं। उन्हें 2000 में मार्टिना हिंगिस के खिलाफ हार झेलनी पड़ी है।

दूसरी ओर, पुरुष एकल वर्ग में राफेल नडाल ने 51वीं बार किसी एटीपी मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई।  नडाल के प्रतिद्वंद्वी फ्रांस के गेल मोनफिल्स ने चोटिल होने के कारण सेमीफाइनल में नाम वापस ले लिया और स्पेनिश खिलाड़ी को वॉकओवर मिला। फाइनल में नडाल का सामना रूस के डेनिल मेदवेदेव के खिलाफ होगा जिन्होंने एक अन्य सेमीफाइनल में केरन खाचानोवा को 6-1, 7-6 (6) से मात दी।

भारत के रोहन बोपन्ना और उनके जोड़ीदार डेनिस शापोवालोव यहां पुरुष युगल सेमीफाइनल में सीधे सेटों में हार के साथ एटीपी मॉन्ट्रियल मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट से बाहर हो गए। बोपन्ना और शापोवालोव की गैरवरीय जोड़ी को कड़े मुकाबले में रोबिन हास और वेस्ले कूलहोफ की नीदरलैंड की जोड़ी के खिलाफ 6-7 (3-7), 6-7 से हार का सामना करना पड़ा।

हास और कूलहोफ का सामना फाइनल में स्पेन के मार्सेल ग्रेनोलर्स और अर्जेन्टीना के होरासियो जेबालोस की जोड़ी से होगा। भारत और कनाडा की जोड़ी को इससे पहले फ्रांस के बेनोइट पियरे और स्विट्जरलैंड के स्टेन वावरिंका की जोड़ी के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में वाकओवर मिला था।