Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

मयंक अग्रवाल पर भारी पड़ा ये गलत फैसला, केएल राहुल पर भड़के फैंस

नई दिल्ली
भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला एंटिगा में खेला जा रहा है. एंटिगा टेस्ट मैच के तीसरे दिन टीम इंडिया की दूसरी पारी के दौरान केएल राहुल का एक गलत फैसला उनके सलामी जोड़ीदार मयंक अग्रवाल को बहुत महंगा पड़ गया.

दरअसल, भारतीय गेंदबाजों ने अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत वेस्टइंडीज को पहली पारी में 222 रनों पर समेट दिया. पहली पारी के आधार पर भारत को 75 रनों की बढ़त हासिल हुई.

अपनी दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 14वें ओवर में मयंक अग्रवाल का विकेट खो दिया. इस ओवर में वेस्टइंडीज की तरफ से रोस्टन चेस गेंदबाजी के लिए आए. चेस के इस ओवर की दूसरी गेंद पर मैदानी अंपायर ने मयंक अग्रवाल को एलबीडब्ल्यू आउट दे दिया.

मयंक अग्रवाल को अंपायर ने एलबीडबल्यू आउट दिया और इसके बाद उन्होंने दूसरे छोर पर खड़े केएल राहुल से राय मांगी. राहुल ने उन्हें रिव्यू लेने से साफ मना कर दिया और मयंक पवेलियन लौट गए.

इसके बाद रीप्ले में साफ हुआ कि गेंद लेग स्टंप से बाहर जाने के साथ-साथ विकेट के काफी ऊपर भी थी. इस तरह राहुल के एक गलत फैसले के कारण नॉटआउट होने के बावजूद अग्रवाल को लौटना पड़ा.

सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल 16 रनों की पारी खेलकर रोस्टन चेस की गेंद पर एलबीडबल्यू आउट हो गए. केएल राहुल के साथ पहले विकेट के लिए उन्होंने 30 रन जोड़े थे.

इसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने केएल राहुल को अपने सलामी जोड़ीदार मयंक अग्रवाल को DRS लेने से रोकने के बाद ट्रोल करना शुरू कर दिया.