Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

वर्ल्ड चैम्पियनशिप: पीवी सिंधु आसान जीत के साथ तीसरे दौर में

बासेल (स्विट्जरलैंड)

भारत की शीर्ष एकल महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने बीडब्ल्यूएफ विश्व चैम्पियनशिप-2019 के तीसरे दौर में जगह बना ली है.  टूर्नामेंट के दूसरे दौर में पांचवीं सीड सिंधु ने चीनी ताइपे की पाई यू पो को 21-14, 21-15 से मात दी. भारतीय खिलाड़ी ने 43 मिनट में यह मुकाबला जीता. इस जीत के साथ ही सिंधु ने वर्ल्ड नंबर-45 पो के खिलाफ अपना करियर रिकॉर्ड 3-0 का कर लिया है. पहले दौर में सिंधु को बाई मिला था.

अब रियो ओलंपिक की रजत पदक विजेता सिंधु का मुकाबला अमेरिका की 9वीं सीड बेइवेन झांग से होगा. झांग ने दूसरे दौर के मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की एच.यू वेंडी चेन को 21-14, 21-13 से हराया. दोनों के बीच अब तक हुए 7 मुकाबलों में सिंधु को 4-3 से बढ़त हासिल है.

सिंधु और पो के बीच पहले गेम की शुरुआत में कड़ा मुकाबला देखने को मिला. लेकिन सिंधु ने इसके बाद 11-7 और फिर 14-9 की बढ़त बनाने के साथ 21-14 से पहला गेम जीत लिया.

दूसरे गेम में सिंधु एक समय 7-4 से आगे थीं. पो ने हालांकि गेम को रोमांचक बनाने की कोशिश की, जब उन्होंने स्कोर को 9-10 तक कर दिया. लेकिन ओलंपिक पदक विजेता सिंधु ने अपने अनुभव का पूरा फायदा उठाते हुए पहले तो 19-14 की बढ़त बनाई और फिर 21-15 से गेम और मैच अपने नाम कर लिया.

वहीं, वर्ल्ड नंबर-8 साइना नेहवाल ने दूसरे दौर में वर्ल्ड नंबर-72 नीदरलैंड्स की सोराया डे विक इजर्बेजन को 33 मिनट में 21-10, 21-11 से मात देकर तीसरे दौर में जगह बना ली. साइना को भी पहले राउंड में बाई मिला था. अब साइना के सामने 12वीं सीड डेनमार्क की मिया ब्लिकफेल्ट की चुनौती होगी, जिनसे भारतीय शटलर पहली बार भिड़ेंगी.

पुरुष एकल में वर्ल्ड नंबर-10 श्रीकांत ने वर्ल्ड नंबर -44 इजरायल के मिशा जिलबेरमन को 57 मिनट में 13-21, 21-13, 21-16 से हराया. तीसरे दौर में श्रीकांत का सामना 12वीं सीड और वर्ल्ड नंबर-15 थाईलैंड के कांटाफोन वांगचारोएन से होगा. जिनके खिलाफ श्रीकांत पहली बार कोर्ट पर उतरेंगे.
.