Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

यूपी को हराकर हरियाणा की जीत की हैट्रिक

अहमदाबाद
हरियाणा स्टीलर्स ने अपने स्टार रेडर विकास खंडोला के 12 अंकों के जबरदस्त प्रदर्शन की बदौलत यूपी योद्धा को बुधवार को 36-33 से हराकर प्रो कबड्डी लीग के सातवें सीजन में जीत की हैट्रिक पूरी कर ली। हरियाणा स्टीलर्स की टीम ने रेडर विकास खंडोला के लौटने के बाद से लगातार शानदार प्रदर्शन किया है और उसने अपने विजय क्रम को यूपी योद्धा के खिलाफ भी जारी रखा। हरियाणा ने इससे पहले अपने पिछले दो मुकाबलों में तीन बार की चैंपियन पटना पाइरेट््स और मौजूदा चैंपियन बेंगलुरु बुल्स को मात दी थी। हरियाणा की सात मैचों में यह चौथी जीत है और वह 21 अंकों के साथ नौंवे स्थान से लंबी छलांग लगाकर तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। दूसरी तरफ यूपी योद्धा को आठ मैचों में चौथी हार का सामना करना पड़ा है। 

विकास ने 23 रेड में 12 अंक जुटाए जबकि सुनील ने आठ टैकल में छह अंक लेकर डिफेंस में मजबूती दिखाई। यूपी की तरफ से श्रीकांत जाधव ने 12 रेड से नौ अंक बटोरे जबकि सुमित ने आठ टैकल से चार अंक जुटाए। हरियाणा ने रेड से 20, डिफेंस से 12 और आॅल आउट से चार अंक बटोरे। यूपी ने रेड से 21, डिफेंस से 10 और आॅल आउट से दो अंक जुटाए। दोनों टीमें मैच में एक समय 31-31 की बराबरी पर आ गयी थीं। लेकिन यूपी की टीम एक मिनट शेष रहते आॅल आउट हो गयी जिससे हरियाणा को 34-32 की बढ़त मिल गयी। विकास ने फिर सफल रेड से स्कोर 35-32 पहुंचा दिया। श्रीकांत ने सफल रेड से यूपी के लिए एक अंक कम किया लेकिन विकास ने आखिरी रेड पर एक अंक लेकर हरियाणा को 36-33 से जीत दिला दी।