Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

IND vs WI: ईशांत ने झटके 5 विकेट, दूसरे दिन स्टंप्स तक वेस्टइंडीज 189/8

 
नई दिल्ली       
     
वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के तहत वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मैच एंटीगा के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेला जा रहा है. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया पहली पारी में 297 रनों पर ऑलआउट हो गई. जवाब में वेस्टइंडीज की टीम ने दूसरे दिन स्टंप्स तक 8 विकेट गंवाकर 189 रन बना लिए हैं. जेसन होल्डर (10 रन) और मिगुएल कमिंस (0 रन) क्रीज पर हैं. ईशांत शर्मा ने सबसे ज्यादा 5 विकेट झटके. यह ईशांत शर्मा के टेस्ट करियर की 9वीं पांच विकेट हॉल है. शमी, जडेजा और बुमराह को एक-एक विकेट मिला.

ओपनिंग बल्लेबाज जॉन कैम्पबेल और कार्लोस ब्रैथवेट कुछ खास नहीं कर पाए और पारी की शुरुआत में ही आउट हो गए. कैम्पबेल को शमी ने बोल्ड कर चलता किया, तो ब्रैथवेट को ईशांत ने अपनी ही गेंद पर लपककर पवेलियन की राह दिखाई.

टेस्ट करियर में डेब्यू कर रहे ब्रूक्स भी 11 रन बनाकर विकेट गंवा बैठे. रवींद्र जडेजा ने ब्रूक्स का विकेट लिया. डैरेन ब्रावो 18 रन बनाकर जसप्रीत बुमराह की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हुए. रोस्टन चेज को इशांत शर्मा ने 48 रन पर आउट कर दिया. ईशांत शर्मा ने शाई होप, शिमरोन हेटमेयर और केमार रोच के भी विकेट लिए

रहाणे-जडेजा के दम पर 297 रनों तक पहुंचा भारत

अजिंक्य रहाणे (81) और रवींद्र जडेजा (58) के अर्धशतकों की मदद से भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहली पारी में 297 रन का स्कोर बनाया. जडेजा ने 112 गेंदों की पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया. इस दौरान उन्होंने अपने करियर का 11वां अर्धशतक पूरा किया. उपकप्तान अजिंक्य रहाणे ने 163 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से 81 रन की पारी खेली. केएल राहुल ने 97 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 44, विहारी ने 56 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 32 रन बनाए. ऋषभ पंत ने 24, मयंक अग्रवाल ने पांच, चेतेश्वर पुजारा ने दो और कप्तान विराट कोहली ने दो रनों का योगदान दिया.

भारत के लिए मयंक अग्रवाल और लोकेश राहुल पारी की शुरुआत करने उतरे. पांचवें ओवर में केमार रोच ने टीम इंडिया को दो झटके दे दिए. रोच ने मयंक अग्रवाल को विकेट के पीछे शाई होप के हाथों कैच आउट करा कर वेस्टइंडीज को पहली सफलता दिलाई. अग्रवाल 5 रन बनाकर आउट हुए.

चेतेश्वर पुजारा को भी रोच ने विकेट के पीछे शाई होप के हाथ कैच करा पवेलियन लौटा दिया. पुजारा 2 रन बनाकर आउट हुए. आठवें ओवर में कप्तान विराट कोहली भी आउट हो गए. कोहली को शेनॉन गैब्रिएल ने शमाराह ब्रूक्स के हाथों कैच आउट करा कर पवेलियन लौटा दिया. कोहली 9 रन बनाकर आउट हुए. केएल राहुल (44) अपने अर्धशतक से चूक गए. उन्हें रोस्टन चेस ने आउट कर भारत को चौथा झटका दे दिया.

लोकेश राहुल (44) और अजिंक्य रहाणे के बीच चौथे विकेट के लिए 68 रनों की उपयोगी साझेदारी हुई. इसके बाद रहाणे और हनुमा विहारी ने 82 रनों की साझेदारी कर संघर्ष कर रही टीम को संकट से उबारा. रहाणे ने 163 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से 81 रन की पारी खेली. उन्होंने इस दौरान अपने करियर का 18वां अर्धशतक पूरा किया. रहाणे शुरुआत में 30 गेंदों पर केवल एक रन बनाकर खेल रहे थे, लेकिन लगातार विकेट गिरने के बाद उन्होंने भारत को कुछ स्थिरता प्रदान की.

ऋषभ पंत ने 20 और रवींद्र जडेजा ने अपनी पारी को आगे बढ़ाया. ऋषभ पंत ने 24 रन बनाए और चार चौके लगाए. पंत के आउट होने के बाद जडेजा और ईशांत शर्मा (19) के बीच आठवें विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी हुई. ईशांत ने 62 गेंदों का सामना किया, जिसमें उन्होंने एक चौका लगाया. जडेजा ने इसके बाद जसप्रीत बुमराह (नाबाद 4) के साथ अंतिम विकेट के लिए 29 रनों की अहम साझेदारी कर भारत को 297 रनों तक पहुंचाया.

भारत की तरफ से लोकेश राहुल ने 97 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 44, हनुमा विहारी ने 56 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 32, मयंक अग्रवाल ने पांच, चेतेश्वर पुजारा ने दो और कप्तान विराट कोहली ने नौ रनों का योगदान दिया. वेस्टइंडीज की ओर से केमार रोच ने चार, शेनॉन गैब्रिएल ने तीन, रोस्टन चेस ने दो और कप्तान जेसन होल्डर ने एक विकेट लिया.

रोहित-अश्विन को नहीं मिला मौका

इससे पहले वेस्टइंडीज के कप्तान जेसन होल्डर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया. रोहित शर्मा और रविचंद्रन अश्विन को प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला है. लोकेश राहुल और मयंक अग्रवाल को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया है. दोनों पारी की शुरुआत करेंगे. ऋद्धिमान साहा, रविचंद्रन अश्विन, रोहित शर्मा, कुलदीप यादव और उमेश यादव इस मैच में नहीं खेल रहे हैं. मेजबान वेस्टइंडीज के लिए शमाराह ब्रूक्स अपना डेब्यू करने जा रहे हैं. मेजबान टीम चार तेज गेंदबाजों के साथ उतर रही है.