नई दिल्ली
भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री (Ravi Shastri) एक बार फिर सोशल मीडिया पर ट्रोल्स के हत्थे चढ़ गए। इस बार शास्त्री को फिटनेस को लेकर बातें सुननी पड़ीं। भारतीय टीम ने हाल ही में वेस्टइंडीज को पहले टेस्ट में 318 रनों से मात दी थी। इसके बाद टीम ने कुछ दिन की छुट्टियां बिताने का मन बनाया। ऐसे में टीम के खिलाड़ी बीच पर जमकर मस्ती कर रहे हैं और तस्वीरें भी शेयर कर रहे हैं। टीम इंडिया के खिलाड़ियों के साथ-साथ कोच रवि शास्त्री ने भी सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की है, लेकिन उनकी इस तस्वीर पर फैन्स ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया है।
Hot hot hot. Time for some juice. Coco Bay Sheer Rocks Beautiful. Antigua
pic.twitter.com/kMLuLwDTi7
— Ravi Shastri (@RaviShastriOfc) August 26, 2019
आईसीसी वर्ल्ड कप 2019 के बाद हाल ही में रवि शास्त्री को दोबारा टीम इंडिया का कोच चुना गया है। रवि शास्त्री ने माइक हेसन और टॉम मूडी को पछाड़ते हुए एक बार फिर से टीम इंडिया के कोच पद को संभाला है। वहीं, सपोर्टिंग स्टाफ में गेंदबाजी कोच के पद पर भरत अरुण और फील्डिंग कोच के पद पर आर श्रीधर को बनाए रखा गया है। बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़ की जगह विक्रम राठौड़ को नया कोच चुना गया है।
वर्ल्ड कप के बाद भारत का पहला दौरा वेस्टइंडीज का रहा, जहां टीम इंडिया ने पहले ही 3 मैचों की टी-20 और वनडे सीरीज पर अपना कब्जा जमा लिया है। वहीं, 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच भी भारत शानदार तरीके से जीत चुका है। ऐसे में टीम इंडिया के खिलाड़ी और कोच जश्न मनाने के मूड में नजर आ रहे हैं।
टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री ने एंटिगा के 'कोको बे' से एक फोटो ट्विटर पर पोस्ट की और लिखा, “हॉट, हॉट, हॉट। समय है कुछ जूस पीने का। कोको बे बेहतरीन खूबसूरत जगह है।”
शास्त्री को यह फोटो पोस्ट करना उन्हें महंगा पड़ा क्योंकि इसके बाद वह ट्रोल्स के निशाने पर आ गए। एक यूजर ने ट्वीट किया, “आप अपनी फिटनेस और साथ ही पेट पर ध्यान दें। आप भारतीय टीम के कोच हैं न कि किसी गली की क्रिकेट टीम के।”